नालंदा में टोटो चोरी का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार, चार बैट्री बरामद

नालंदा पुलिस ने 8 अगस्त को हुई टोटो चोरी मामले का खुलासा कर दिया है. पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का टोटो और उसकी चार बैट्री बरामद की गई है. पुलिस अब आगे की जांच में जुटी है.

nalanda news: नालंदा थाना क्षेत्र से गत 8 अगस्त को चोरी हुए टोटो मामले का पुलिस ने बुधवार को उद्भेदन कर दिया. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनमें एक की उम्र 19 वर्ष, दो की उम्र 18 वर्ष तथा दो विधि-विरुद्ध बालक बताए गये हैं. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया टोटो और उसकी चार बैट्री बरामद की है.

8 अगस्त को चोरी हुआ था टोटो

नालंदा थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि 8 अगस्त को नालंदा थाना क्षेत्र से टोटो नंबर 305 बीबीएस चोरी हुआ था. घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर टोटो की बरामदगी और घटना में शामिल लोगों की पहचान के लिए जांच शुरू की. जांच के क्रम में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई गयी.

पांच आरोपियों को किया गया गिरफ्तार

पुलिस ने कांड के अप्राथमिकी अभियुक्तों और विधि-विरुद्ध बालकों में सन्नी कुमार उर्फ भिंडी उर्फ त्रिपुरारी (19 वर्ष), पिता संजय पांडेय, विकास कुमार (17 वर्ष), पिता विवेक कुमार, सुजीत कुमार (18 वर्ष), पिता सुनील प्रसाद, शिवशंकर कुमार (17 वर्ष), पिता सुनील पासवान, सभी निवासी सिलाव, तथा भगीरथ राजबंशी (38 वर्ष), पिता स्व. राजो राजबंशी, निवासी सेबतार, थाना अतरी, जिला गया, वर्तमान में सिलाव में बैट्री की दुकान चलाने वाले को गिरफ्तार किया.

टोटो और चार बैट्री बरामद

थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों से मिली जानकारी और उनकी निशानदेही के आधार पर चोरी के टोटो से संबंधित सामान बरामद किया गया. चोरी गया टोटो छबिलापुर थाना से प्राप्त कर विधिवत जब्त किया गया. इसके अलावा टोटो में लगी चार पीस बैट्री भी बरामद की गयी है.

चोरी के बाद सामान कहां रखा गया, जांच में जुटी पुलिस

टोटो की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि टोटो चोरी की घटना में आरोपियों की क्या-क्या भूमिका थी और चोरी के बाद टोटो व बैट्री को कहां-कहां रखा गया था. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दिलीप कुमार

दिलीप कुमार ने वर्ष 1990 में पत्रकारिता की शुरुआत की. वर्ष 2000 से प्रभात खबर से जुड़े हैं. नालंदा के सिलाव समेत आसपास के प्रखंडों से रिपोर्टिंग करते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >