Sheikhpura News : शेखपुरा जिले के पुलिस अधीक्षक हिमांशु ने पदभार संभालने के बाद पहली बार सभी लोक अभियोजकों के साथ बैठक कर हत्या, लूट, दुष्कर्म और पॉक्सो जैसे जघन्य मामलों की समीक्षा की. उन्होंने लंबित मामलों का स्पीडी ट्रायल कर पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने पर जोर देते हुए पुलिस की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया. बेहतर प्रदर्शन करने वाले लोक अभियोजकों को सम्मानित करने की भी घोषणा की गई.
जघन्य अपराधों के लंबित मामलों की हुई समीक्षा
बैठक में एसपी हिमांशु ने सभी लोक अभियोजकों के साथ हत्या, लूट, दुष्कर्म, पॉक्सो समेत अन्य गंभीर मामलों की एक-एक कर समीक्षा की. उन्होंने कहा कि न्यायालय में लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करना पुलिस और अभियोजन दोनों की साझा जिम्मेदारी है. इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों को समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया गया.
गवाहों की उपस्थिति के लिए मिलेगा पुलिस का सहयोग
एसपी ने सरकारी कर्मियों और पुलिस पदाधिकारियों की समय पर गवाही सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया. उन्होंने बताया कि गवाहों के समन्वय के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया है, जिस पर आवश्यक सूचनाएं साझा की जाएंगी. इसके अलावा पीड़ितों और अन्य महत्वपूर्ण गवाहों को न्यायालय तक पहुंचाने के लिए जरूरत पड़ने पर पुलिस वाहन भी उपलब्ध कराया जाएगा.
पोस्टमार्टम और जख्म प्रतिवेदन समय पर देने का निर्देश
बैठक में मौजूद सिविल सर्जन डॉ. संजय कुमार से एसपी ने आपराधिक मामलों के अनुसंधान में आवश्यक जख्म प्रतिवेदन, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य चिकित्सीय दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराने को कहा. उन्होंने कहा कि समय पर रिपोर्ट मिलने से अनुसंधान और न्यायिक प्रक्रिया में तेजी आएगी.
बेहतर प्रदर्शन पर मिलेगा सम्मान
एसपी हिमांशु ने कहा कि अपराधियों को सजा दिलाना पुलिस और अभियोजन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है. इससे समाज में कानून के प्रति विश्वास मजबूत होगा और अपराधियों में भय का माहौल बनेगा. उन्होंने बेहतर प्रदर्शन करने वाले लोक अभियोजकों को पुलिस विभाग की ओर से पुरस्कृत करने की घोषणा भी की. बैठक में एएसपी राकेश कुमार, साइबर डीएसपी ज्योति कुमारी, जिला लोक अभियोजक उदय नारायण सिन्हा, जिला मुख्य अभियोजन पदाधिकारी सुशील कुमार सहित कई लोक अभियोजक और अधिकारी मौजूद रहे.
