हिलसा. राजस्व महाअभियान की धीमी प्रगति को लेकर भूमि सुधार उप समाहर्ता रश्मि कुमारी ने अनुमंडल के सभी अंचल अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक कर कार्यों की समीक्षा की. बैठक में चार अंचलों की प्रगति असंतोषजनक पायी गयी, जबकि चार अंचलों का काम संतोषजनक बताया गया. इस दौरान परवलपुर और नगरनौसा में डिग्री कॉलेज के लिए जमीन चिह्नित कर प्रस्ताव जिला प्रशासन को भेजे जाने की जानकारी भी दी गयी.
भूमि सुधार उप समाहर्ता ने राजस्व से जुड़े लंबित मामलों के साथ राजस्व महाअभियान के तहत चल रहे कार्यों की स्थिति की जानकारी ली. अधिकारियों से अंचलवार प्रगति रिपोर्ट लेकर कम प्रगति वाले क्षेत्रों में काम तेज करने का निर्देश दिया गया.
दो अंचलों में डिग्री कॉलेज के लिए जमीन चिह्नित
बैठक में परवलपुर, नगरनौसा और थरथरी में डिग्री कॉलेज के लिए जमीन उपलब्ध कराने को लेकर भी चर्चा हुई. बताया गया कि परवलपुर और नगरनौसा अंचल में कॉलेज के लिए उपयुक्त भूमि चिह्नित कर प्रस्ताव जिला प्रशासन को भेज दिया गया है.
वहीं, थरथरी में भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की समीक्षा की गयी. अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई जल्द पूरी करने का निर्देश दिया गया, ताकि डिग्री कॉलेज के लिए जमीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ सके.
चार अंचलों की प्रगति असंतोषजनक
राजस्व महाअभियान की समीक्षा के दौरान चंडी, थरथरी, इस्लामपुर और परवलपुर अंचल की प्रगति असंतोषजनक पायी गयी. वहीं हिलसा, एकंगरसराय, नगरनौसा और कराय परशुराय अंचल में अभियान की प्रगति संतोषजनक बतायी गयी.
कम प्रगति वाले अंचलों के अधिकारियों और कर्मचारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया गया. भूमि सुधार उप समाहर्ता ने स्पष्ट किया कि राजस्व महाअभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी.
समय सीमा में मामलों के निष्पादन का निर्देश
बैठक में राजस्व से जुड़े लंबित मामलों की भी समीक्षा की गयी. अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि अभियान के दौरान प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन किया जाए और सभी लंबित मामलों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए.
भूमि सुधार उप समाहर्ता ने कहा कि राजस्व महाअभियान का उद्देश्य लोगों से जुड़े भूमि और राजस्व मामलों का समय पर समाधान करना है. इसलिए सभी अंचलों को तय लक्ष्य के अनुरूप कार्य करते हुए अभियान को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया गया.
