नालंदा: राशन की कालाबाजारी और स्कूलों में समय पूर्व छुट्टी का मुद्दा उठा, अनुश्रवण समिति में जनसमस्याओं पर चर्चा

अनुमंडल स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक में जन वितरण प्रणाली, स्कूलों की व्यवस्था, खाद की कालाबाजारी, पेयजल और अंचल कार्यालय से जुड़ी समस्याओं पर गंभीर चर्चा हुई. एसडीओ अमित कुमार पटेल ने शिकायतों पर तत्काल जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए.

Public Distribution System: हिलसा अनुमंडल कार्यालय के सभागार में गुरुवार को अनुमंडल स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक एसडीओ अमित कुमार पटेल की अध्यक्षता में हुई. बैठक में पूर्व में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, जन वितरण प्रणाली, पेयजल और यातायात व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई. समिति सदस्यों ने क्षेत्र में आम लोगों को हो रही परेशानियों और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में सामने आ रही अनियमितताओं को प्रमुखता से उठाया.

पीडीएस दुकानों को लेकर सदस्यों ने रखी शिकायतें

बैठक में जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) को लेकर सदस्यों ने कई शिकायतें रखीं. लाभुकों को समय पर राशन नहीं मिलने, निर्धारित मात्रा से कम खाद्यान्न देने, पीडीएस दुकानों के लंबे समय तक बंद रहने तथा कुछ डीलरों द्वारा सड़ा-गला अनाज उपलब्ध कराने का मामला उठाया गया. सदस्यों ने पीडीएस दुकानों की नियमित जांच और अनियमितता मिलने पर कार्रवाई की मांग की. अर्जुन विश्वकर्मा ने राशन कार्ड से संबंधित शिकायतें भी उठायीं.

खाद की कालाबाजारी पर कार्रवाई की मांग

बैठक में खाद की कालाबाजारी का मामला भी प्रमुखता से उठा. सदस्यों ने कहा कि किसानों को खाद के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है. उन्होंने खाद की कालाबाजारी पर प्रभावी अंकुश लगाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.

स्कूलों में समय से पहले छुट्टी की शिकायत

शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा के दौरान सदस्यों ने कुछ विद्यालयों में निर्धारित समय से पहले छुट्टी कर शिक्षकों के चले जाने की शिकायत की. बच्चों को गुणवत्तापूर्ण मध्याह्न भोजन नहीं मिलने और विद्यालयों की नियमित निगरानी नहीं होने का मामला भी उठाया गया. सदस्यों ने अनुमंडल के सभी प्रखंडों में विद्यालयों का नियमित एवं औचक निरीक्षण कराने की मांग की.

आंगनबाड़ी और पेयजल व्यवस्था पर भी चर्चा

बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण व्यवस्था, पेयजल सहित अन्य जनहित के मामलों पर भी चर्चा हुई. सदस्यों ने संबंधित विभागों को जमीनी स्तर पर योजनाओं की निगरानी बढ़ाने की आवश्यकता बतायी.

अंचल कार्यालय में जनप्रतिनिधियों की समस्या भी उठी

इस्लामपुर अंचल कार्यालय से जुड़ी शिकायत रखते हुए सदस्यों ने कहा कि स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों को अंचल अधिकारी से मिलने में परेशानी होती है. बिना आवेदन के मुलाकात नहीं होने की शिकायत भी बैठक में रखी गयी. सदस्यों ने आम लोगों की समस्याओं की सुनवाई के लिए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की.

शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश

बैठक को संबोधित करते हुए एसडीओ अमित कुमार पटेल ने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को बैठक में उठायी गयी शिकायतों की तत्काल जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया.

उन्होंने कहा कि अनुश्रवण समिति की बैठक में उठाये गये प्रत्येक बिंदु पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. लापरवाही बरतने वाले पदाधिकारी एवं कर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने अधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण करने, योजनाओं की जमीनी स्थिति की जांच करने तथा आम लोगों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने को कहा.

बैठक में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी नितेश कुमार रंजन, अर्जुन विश्वकर्मा, नवल यादव, भरत शर्मा, कुंदन पटेल, बालेश्वर पासवान, दिनेश यादव, शशि कुमार, चिंटू पटेल एवं उमेश राम समेत अनुश्रवण समिति के सदस्य और संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संतोष कुमार पार्थ

संतोष कुमार पार्थ वर्ष 2013 से पत्रकारिता एवं डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. पिछले तीन वर्षों से प्रभात खबर में हिलसा अनुमंडल मुख्यालय से संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं. स्थानीय जनसमस्याओं और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >