राजगीर स्टेशन का होगा कायाकल्प

इंटरनेशनल टूरिस्ट सेंटर के रूप में विकसित हो रहे राजगीर रेलवे स्टेशन को आधुनिक और यात्री-अनुकूल बनाने की दिशा में रेलवे ने बड़ी पहल शुरू कर दी है.

राजगीर. इंटरनेशनल टूरिस्ट सेंटर के रूप में विकसित हो रहे राजगीर रेलवे स्टेशन को आधुनिक और यात्री-अनुकूल बनाने की दिशा में रेलवे ने बड़ी पहल शुरू कर दी है. इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत स्टेशन का व्यापक कायाकल्प किया जा रहा है. इससे यहां आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों और स्थानीय यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी. रेलवे की प्रस्तावित योजना के अनुसार स्टेशन के प्लेटफॉर्म को फुट ओवरब्रिज के माध्यम से एस्केलेटर से जोड़ा जाएगा. इससे विशेष रूप से बुजुर्गों, दिव्यांगों और भारी सामान लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों को एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म तक जाने में काफी सहूलियत होगी. वर्तमान में सीढ़ियों के कारण होने वाली परेशानी से यात्रियों को राहत मिलेगी. इसके अलावा प्लेटफॉर्म की लंबाई बढ़ाकर 24 कोच वाली ट्रेनों के अनुरूप किया जाएगा. कोच इंडिकेटर लगाया जायेगा. इससे यह सुनिश्चित होगा कि ट्रेन के किसी भी डिब्बे को प्लेटफॉर्म से बाहर न रुकना पड़े. साथ ही प्लेटफॉर्म की चौड़ाई भी बढ़ाई जाएगी, जिससे यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी. ट्रेन के आगमन व प्रस्थान के समय होने वाली अफरातफरी कम होगी. यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन परिसर में आधुनिक खान-पान स्टॉल, स्वच्छ शौचालय और पर्याप्त बैठने की व्यवस्था के साथ बेहतर प्रतीक्षालय विकसित किए जाएंगे. हर प्लेटफॉर्म पर हेल्पलाइन सेंटर भी स्थापित किए जाएंगे, जहां यात्रियों को ट्रेन की समय-सारिणी, टिकट और आरक्षण से जुड़ी जानकारी तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी. रेलवे अधिकारियों के अनुसार प्लेटफॉर्म चौड़े होने से बड़े वेटिंग एरिया का निर्माण संभव होगा, जहां अतिरिक्त बेंच और शेल्टर लगाए जाएंगे. इससे यात्रियों को धूप, बारिश और अन्य प्रतिकूल मौसम से भी राहत मिलेगी. इसके साथ ही स्टेशन पर फायर सेफ्टी और इमरजेंसी निकासी के लिए भी आधुनिक और सुदृढ़ इंतजाम किए जाएंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके. एस्केलेटर की सुविधा शुरू होने से यात्रियों को भारी सामान के साथ सीढ़ियां चढ़ने की समस्या से छुटकारा मिलेगा. वे आसानी से अपने कोच तक पहुंच सकेंगे. रेलवे की यह पहल राजगीर स्टेशन को एक आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक यातायात केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SANTOSH KUMAR SINGH

SANTOSH KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >