राजगीर. नववर्ष के पहले दिन परिवहन विभाग ने राजगीरवासियों को बड़ी सौगात देते हुए राजगीर से पटना के लिए नई बस सेवा की शुरु की है. राजगीर–सिलाव–बेन–इस्लामपुर–एकंगरसराय–हिलसा होते पटना जाने वाली राज्य पथ परिवहन निगम की नई बस को परिवहन एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, सांसद कौशलेंद्र कुमार और विधायक रोहेल रंजन ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि यह बस सेवा क्षेत्र के लोगों के लिए सुविधाजनक, सुरक्षित और किफायती यात्रा का माध्यम बनेगी. उन्होंने बताया कि जल्द ही एक और बस नवादा के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल ककोलत तक चलाई जाएगी, जबकि दूसरी बस झारखंड सीमा स्थित रजौली तक जाएगी. इसके अलावा बिहारशरीफ के बाद अब राजगीर में भी पिंक बस सेवा शुरू की जाएगी, जिसमें केवल महिला यात्री ही यात्रा कर सकेंगी. यह महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा की दिशा में सरकार का अहम कदम है. मंत्री ने मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना और मुख्यमंत्री परिवहन योजना की चर्चा करते हुए बताया कि मार्च महीने तक 150 से 200 नई बसें खरीदी जाएंगी. ये बसें डीजल या पेट्रोल से नहीं, बल्कि पूरी तरह इलेक्ट्रिक होंगी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदूषण को कम करना और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देना है. राजगीर बस डिपो से भी चार नई इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शीघ्र शुरू किया जाएगा। इसके लिए परिवहन विभाग द्वारा चार्जिंग स्टेशन भी बनाए जा रहे हैं. श्रवण कुमार ने बताया कि निगम की बसों का अंतरराज्यीय परिचालन भी शुरू करने की तैयारी है. आगामी दो से तीन महीनों में दिल्ली, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ तक बस सेवाएं शुरू की जाएंगी. उन्होंने कहा कि परिवहन मंत्री बनने के बाद अब तक 3 लाख 43 हजार से अधिक निबंधन किए जा चुके हैं। जिन लोगों के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं है, वे आवेदन करें, उन्हें शीघ्र लाइसेंस निर्गत किया जाएगा. विभाग द्वारा मात्र एक महीने में 50 हजार ड्राइविंग लाइसेंस जारी किए गए हैं. मंत्री ने यह भी कहा कि 15 दिनों के भीतर राज्य के सभी सरकारी और निजी स्कूल वाहनों तथा उनके चालकों के लाइसेंस, फिटनेस और कागजात की सघन जांच की जाएगी. वहीं राजगीर और बिहारशरीफ बस डिपो का शीघ्र कायाकल्प होगा। राजगीर बस डिपो के लिए नए मॉडल का भवन बनाने का आदेश दिया गया है, जिससे पदाधिकारियों और यात्रियों के साथ चालकों और कंडक्टरों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें.कार्यक्रम में सांसद कौशलेंद्र कुमार, विधायक रोहेल रंजन और परिवहन विभाग के मुख्य प्रशासक सुभाष नारायण ने भी अपने विचार रखे. इस अवसर पर राजेंद्र प्रसाद, क्षेत्रीय प्रबंधक अरविंद कुमार, सुधीर कुमार पटेल, डॉ. अनिल कुमार, जयराम सिंह, रामकेश्वर प्रसाद, मुकेश सिंह, मुन्ना कुमार, रंजीत कुमार, सुरेंद्र राजवंशी, देवेंद्र कुशवाहा, मुन्ना मलिक सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
