नालंदा: रहुई की तीन पंचायतों में सहयोग शिविर, 59 मामलों का मौके पर हुआ निष्पादन

रहुई प्रखंड की सोसंदी, बरांदी और मोरा तालाब पंचायतों में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. इस शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने आमलोगों की समस्याओं को सुना और उनका मौके पर ही समाधान किया. कुल 59 मामलों का निष्पादन किया गया.

Biharsharif News : रहुई प्रखंड की सोसंदी, बरांदी और मोरा तालाब पंचायत में मंगलवार को आमलोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. सोसंदी के उच्च विद्यालय, बरांदी के उच्च विद्यालय और मोरा तालाब पंचायत सरकार भवन में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने लोगों की शिकायतें सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निपटारा किया.

विभिन्न विभागों के लगाए गए स्टॉल

शिविर में नगर आयुक्त कृत्यानंद रंजन, बीडीओ धर्मराज कुमार, बीपीआरओ शशि कुमार, सीडीपीओ जया कुमारी, बीएसओ, पीओ, एलईओ सहित कई विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे. मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, बिजली और राजस्व विभाग सहित विभिन्न योजनाओं के अलग-अलग स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों से आवेदन लेकर उनकी समस्याओं का समाधान किया गया.

प्रमाण पत्र और लेबर कार्ड का हुआ वितरण

सोसंदी पंचायत में पैक्स अध्यक्ष आशुतोष कुमार ने जाति, आय, निवास प्रमाण पत्र और राशन कार्ड से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं. बीडीओ ने कई लाभुकों को जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र तथा लेबर कार्ड मौके पर ही वितरित किए. बरांदी पंचायत में भी जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, लेबर कार्ड और मनरेगा जॉब कार्ड बांटे गए, जबकि मोरा तालाब पंचायत में राजस्व से जुड़े तीन मामलों का तत्काल निष्पादन किया गया.

राशन कार्ड से जुड़े आवेदन सबसे अधिक

बीडीओ धर्मराज कुमार ने बताया कि तीनों पंचायतों में राशन कार्ड से संबंधित आवेदन सबसे अधिक प्राप्त हुए. सोसंदी पंचायत में 18 आवेदन मिले, जिनमें 17 का निष्पादन कर दिया गया. बरांदी पंचायत में 10 आवेदनों में चार का समाधान हुआ, जबकि छह मामले लंबित हैं. वहीं मोरा तालाब पंचायत में 42 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 28 मामलों का निष्पादन कर दिया गया और 14 मामलों पर कार्रवाई जारी है. उन्होंने कहा कि शेष सभी मामलों का नियमानुसार शीघ्र निपटारा किया जाएगा.

पंचायत स्तर पर ही समस्याओं का समाधान लक्ष्य

नगर आयुक्त कृत्यानंद रंजन ने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य पंचायत स्तर पर ही लोगों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि छोटी-छोटी समस्याओं के लिए लोगों को प्रखंड या अंचल कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़े. उन्होंने शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया. इस दौरान जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Rajeev Kumar

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >