नालंदा के 30 पीएम श्री स्कूलों में छात्राएं सीखेंगी जूडो-कराटे, 1500 को मिलेगा आत्मरक्षा प्रशिक्षण

नालंदा जिले के सभी 30 पीएम श्री विद्यालयों में छात्राओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण शुरू हो रहा है. रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा कार्यक्रम के तहत 1500 छात्राओं को जूडो-कराटे सिखाया जाएगा, जिसका मुख्य उद्देश्य उनमें आत्मविश्वास और साहस बढ़ाना है.

नालंदा जिले के सभी पीएम श्री विद्यालयों में अब छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए जाएंगे. शिक्षा विभाग के निर्देश पर रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत जिले के सभी 30 पीएम श्री विद्यालयों में 50-50 छात्राओं को जूडो-कराटे का प्रशिक्षण दिया जाएगा.

इस योजना से जिले की करीब 1500 छात्राएं लाभान्वित होंगी. इसके लिए जिला शिक्षा कार्यालय ने तैयारियां शुरू कर दी हैं और प्रशिक्षकों के चयन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है.

26 प्रशिक्षकों की सूची जारी, दस्तावेज सत्यापन आज

जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (सर्व शिक्षा अभियान) भोला कुमार कर्ण ने बताया कि राज्य परियोजना निदेशक के निर्देशानुसार जिले में यह कार्यक्रम संचालित किया जाएगा.

प्रशिक्षण के लिए जूडो-कराटे प्रशिक्षकों से आवेदन आमंत्रित किए गए थे, जिनमें 26 प्रशिक्षकों की सूची जारी कर दी गई है. सभी आवेदकों को 27 जुलाई को सुबह 11:00 बजे डीपीओ (सर्व शिक्षा अभियान) कार्यालय में आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है.

उन्होंने बताया कि सभी प्रशिक्षकों को अपने शैक्षणिक एवं तकनीकी अर्हता प्रमाण-पत्र, पहचान पत्र की अभिप्रमाणित छायाप्रति तथा सभी मूल प्रमाण-पत्र सत्यापन के लिए साथ लाने होंगे.

दस्तावेजों की जांच और चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रशिक्षकों को विद्यालय आवंटित किए जाएंगे, जहां वे निर्धारित अवधि तक छात्राओं को जूडो-कराटे एवं आत्मरक्षा का व्यावहारिक प्रशिक्षण देंगे.

छात्राओं में आत्मविश्वास और साहस बढ़ाना मुख्य उद्देश्य

शिक्षा विभाग का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें आत्मरक्षा के प्रति जागरूक और सक्षम बनाना है. प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को विपरीत परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा करने के व्यावहारिक तरीके सिखाए जाएंगे.

विभाग का मानना है कि इस पहल से छात्राओं में आत्मबल, अनुशासन और साहस का विकास होगा तथा वे किसी भी चुनौतीपूर्ण स्थिति का आत्मविश्वास के साथ सामना करने में सक्षम बन सकेंगी.

Also Read : नालंदा : 20 मीट्रिक टन क्षमता वाले दही-लस्सी प्लांट का शिलान्यास करेंगे CM सम्राट चौधरी, सुधा कैफेटेरिया की भी होगी शुरुआत


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ujjwalanand giri

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >