श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं व यात्रियों की बढ़ती अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए पूर्व मध्य रेल (ECR) ने विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है. यात्रियों की सुगम आवाजाही के लिए पटना जंक्शन और इसलामपुर के बीच 'श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन' का परिचालन किया जाएगा.
यह विशेष रेल सेवा 26 जुलाई से शुरू होकर 29 सितंबर 2026 तक कुल 29 फेरों में संचालित की जाएगी, जिससे नालंदा व पटना जिले के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी.
ट्रेन संख्या 03297 (पटना – इसलामपुर स्पेशल)
पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) सरस्वती चन्द्र ने बताया कि गाड़ी संख्या 03297 पटना–इसलामपुर श्रावणी मेला स्पेशल 26 जुलाई से 29 सितंबर तक प्रत्येक मंगलवार, गुरुवार और रविवार को संचालित होगी.
- प्रस्थान: पटना जंक्शन से शाम 4:10 बजे.
- आगमन: इसलामपुर शाम 7:00 बजे.
- प्रमुख ठहराव: राजेंद्रनगर, पटना साहिब, फतुहा, दनियावां बाजार हॉल्ट, हिलसा और एकंगरसराय.
ट्रेन संख्या 03298 (इसलामपुर – पटना स्पेशल)
वापसी दिशा में गाड़ी संख्या 03298 इसलामपुर–पटना श्रावणी मेला स्पेशल 27 जुलाई से 30 सितंबर तक प्रत्येक सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को संचालित की जाएगी.
- प्रस्थान: इसलामपुर से सुबह 07:45 बजे.
- आगमन: पटना जंक्शन सुबह 11:00 बजे.
- प्रमुख ठहराव: एकंगरसराय, हिलसा, दनियावां बाजार हॉल्ट, फतुहा, पटना साहिब और राजेंद्रनगर.
श्रद्धालुओं और दैनिक यात्रियों को मिलेगी बड़ी सुविधा
श्रावणी मेला के पावन अवसर पर सुल्तानगंज, देवघर या अन्य धार्मिक स्थलों की यात्रा करने वाले नालंदा और पटना जिले के श्रद्धालुओं के लिए यह ट्रेन काफी मददगार साबित होगी. इस स्पेशल ट्रेन के चलने से दैनिक यात्रियों और श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा.
Also Read : गया जी : नीट पेपर लीक के विरोध में जीटी रोड पर छात्रों का प्रदर्शन, लगा लंबा जाम
