Bihar Nitish Model: बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं सूचना जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने विकास और सुशासन के क्षेत्र में नयी पहचान बनायी है. बिहार में लागू कई सफल योजनाओं और मॉडलों का अब देशभर में अनुसरण किया जा रहा है. वे गुरुवार को बिहारशरीफ प्रखंड के विभिन्न गांवों में आयोजित विकास योजनाओं के शिलान्यास एवं उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे. इस दौरान सांसद कौशलेंद्र कुमार एवं विधान पार्षद रीना यादव के साथ उन्होंने कई योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया.
नाली निर्माण कार्य का किया शिलान्यास
ग्राम पंचायत राज डुमरावां के शेखोपुर में मुन्ना महतो के घर से किसान भवन तक 7 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत नाली निर्माण कार्य तथा किसान भवन से राजाराम के घर तक नाली निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया.
सामुदायिक भवन और यात्री शेड का उद्घाटन
ग्राम पंचायत राज पचौरी के मौला नगर में 10 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित सामुदायिक भवन का उद्घाटन किया गया. वहीं ग्राम दुल्लाचक में 3 लाख 78 हजार रुपये की लागत से बने यात्री शेड का भी उद्घाटन किया गया.
भयमुक्त वातावरण देना सुशासन की पहचान
मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहारवासियों को भयमुक्त वातावरण दिया है. आज महिलाएं बेखौफ होकर कहीं भी आ-जा सकती हैं. कानून का राज, मजबूत शासन और सुरक्षित बिहार सुशासन की पहचान बन चुका है.
जीविका से महिलाएं बन रहीं आत्मनिर्भर
उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों और जीविका के माध्यम से बिहार की महिलाएं आत्मनिर्भरता की मिसाल कायम कर रही हैं. बिहार में शुरू हुआ यह मॉडल देश के अन्य हिस्सों तक पहुंचा है. इससे महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण को नयी गति मिली है.
स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर दिया जोर
मंत्री ने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं का लगातार विस्तार हो रहा है. मेडिकल सीटों में बढ़ोतरी से युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के अधिक अवसर मिल रहे हैं. सरकारी अस्पतालों में चिकित्सकों की ओपीडी सेवा सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक सुनिश्चित करने की व्यवस्था से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिलने की उम्मीद है.
कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस अवसर पर प्रखंड जदयू अध्यक्ष धनंजय प्रसाद कुशवाहा, जिला प्रवक्ता डॉ. धनंजय कुमार देव, देवजीत चौहान, संजय प्रसाद कुशवाहा, सकलदीप प्रसाद, मुन्ना पासवान, गुलशन कुशवाहा, मनोज यादव, सुबोध पंडित, मिंटू कुशवाहा, इंदू चौहान, दिनेश साव, धर्मेंद्र यादव सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे.
