navodaya vidyalaya admission: पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, राजगीर में कक्षा नौवीं एवं 11वीं में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली चयन परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गयी है. इच्छुक एवं पात्र विद्यार्थी 30 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. विद्यालय के प्राचार्य विनीत कुमार शुक्ला ने यह जानकारी दी.
रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए होगी चयन परीक्षा
प्राचार्य ने बताया कि कक्षा नौवीं एवं 11वीं में रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए नवोदय विद्यालय समिति द्वारा चयन परीक्षा आयोजित की जायेगी. चयन परीक्षा 10 अप्रैल 2027 को निर्धारित है. उन्होंने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अंतिम तिथि का इंतजार किये बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है.
अलग-अलग पोर्टल पर कर सकते हैं आवेदन
कक्षा नौवीं में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी नवोदय विद्यालय समिति की वेबसाइट www.navodaya.gov.in के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं. इसके अलावा कक्षा नौवीं के लिए निर्धारित ऑनलाइन आवेदन पोर्टल https://cbseitms.ntc.in/2026nvsix_9 तथा कक्षा 11वीं के लिए https://cbseitms.ntc.in/2026nvsxi पर आवेदन की सुविधा उपलब्ध है.
आवेदन पूरी तरह निःशुल्क
प्राचार्य ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है. विद्यार्थियों को आवेदन करते समय निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए आवश्यक जानकारी एवं दस्तावेज सही-सही दर्ज करने होंगे. आवेदन में किसी प्रकार की त्रुटि से बचने के लिए अभ्यर्थी अंतिम रूप से आवेदन जमा करने से पहले दर्ज विवरण की अच्छी तरह जांच कर लें.
गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा का मिलेगा अवसर
नवोदय विद्यालय में प्रवेश के लिए विद्यार्थियों में हर वर्ष काफी उत्साह रहता है. चयन परीक्षा के माध्यम से प्रतिभावान विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं आवासीय शिक्षा का अवसर मिलता है.
