Nalanda News: दीपनगर थाना क्षेत्र के काको बीघा गांव के नीमतल मोहल्ले में दो दिन पहले आत्महत्या का प्रयास करने वाली 25 वर्षीय महिला की इलाज के दौरान मौत हो गयी. गंभीर हालत में महिला को बिहारशरीफ से पटना तक इलाज के लिए ले जाया गया था. सोमवार देर शाम पटना में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. मृतका की पहचान काको बीघा गांव निवासी सोनी देवी के रूप में हुई है.
बिहारशरीफ में प्राथमिक उपचार के बाद पटना ले गये परिजन
परिजनों के अनुसार, सोनी देवी ने दो दिन पहले अपने घर में आत्महत्या का प्रयास किया था. घटना के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे. बिहारशरीफ में प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति में सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे पटना ले जाने की सलाह दी. इसके बाद परिजन उसे पटना लेकर गये, जहां इलाज के दौरान उसकी हालत नाजुक बनी रही और सोमवार देर शाम उसकी मौत हो गयी.
परिवार में नहीं था कोई बड़ा विवाद
मृतका के पति गोरेलाल ने बताया कि परिवार में किसी तरह का बड़ा विवाद या झगड़ा नहीं था. उनके छोटे-छोटे बच्चे हैं. पत्नी ने अचानक इतना बड़ा कदम क्यों उठाया, इसकी स्पष्ट जानकारी परिवार के किसी सदस्य को नहीं है. घटना के बाद से परिजन सदमे में हैं और आत्महत्या के प्रयास के पीछे की वजह को लेकर असमंजस में हैं.
पुलिस ने शुरू की जांच
दीपनगर थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि महिला ने दो दिन पूर्व आत्महत्या का प्रयास किया था. इलाज के दौरान उसकी मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम बिहारशरीफ सदर अस्पताल में कराया है. परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी. पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है.
इसे भी पढ़ें: दानापुर फायरिंग कांड फॉलोअप: नए युवक से दोस्ती से नाराज था पूर्व प्रेमी, कई दिनों से कर रहा था रेकी; पहले भी दे चुका था धमकी
