नालंदा के राकेश राज का एशियाई कराटे चैंपियनशिप में चयन, रेफरी की भूमिका में आएंगे नजर

नालंदा के जाने-माने खेल प्रशिक्षक रेंसी राकेश राज का चयन 24वीं अंडर-21 एवं जूनियर एशियाई कराटे चैंपियनशिप 2026 में रेफरी के रूप में हुआ है. यह जिले के खेल जगत के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है, जो खिलाड़ी से अंतरराष्ट्रीय रेफरी बनने के उनके सफर को दर्शाती है.

Asian karate championship: जिले के जाने-माने खेल प्रशिक्षक एवं अंतरराष्ट्रीय कराटे रेफरी रेंसी राकेश राज का चयन 24वीं अंडर-21 एवं जूनियर एशियाई कराटे चैंपियनशिप 2026 में रेफरी के रूप में हुआ है. प्रतियोगिता का आयोजन 7 से 10 सितंबर 2026 तक अमान, जॉर्डन में किया जायेगा. नालंदा जिले से पहली बार किसी व्यक्ति का एशियाई कराटे चैंपियनशिप में रेफरी के रूप में चयन होना जिले के खेल जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है.

इस प्रतियोगिता के लिए बिहार से कुल दो रेफरी का चयन हुआ है. इनमें नालंदा से रेंसी राकेश राज और पटना से शिहान हर्ष कुमार शामिल हैं. रेंसी राकेश राज के चयन से जिले के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों में खुशी है.

खिलाड़ी से अंतरराष्ट्रीय रेफरी तक का सफर

रेंसी राकेश राज ने अपने खेल जीवन की शुरुआत खिलाड़ी के रूप में की. उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में कई पदक हासिल किये, जबकि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी दर्जनों पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया.

खिलाड़ी के रूप में सफलता के बाद उन्होंने कोच और प्रशिक्षक के रूप में खेल क्षेत्र में अपनी सेवाएं शुरू कीं. इसके बाद अंतरराष्ट्रीय कराटे रेफरी के रूप में अपनी पहचान बनाई. खिलाड़ी से प्रशिक्षक और फिर अंतरराष्ट्रीय रेफरी तक का उनका सफर मेहनत और समर्पण की मिसाल है.

प्रशिक्षक के रूप में भी उल्लेखनीय योगदान

वर्तमान में रेंसी राकेश राज जिले के प्रमुख खेल प्रशिक्षकों में शामिल हैं. उनके मार्गदर्शन में कराटे, पेंचक सिलाट और रग्बी के कई खिलाड़ियों ने जिला, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है.

उनके द्वारा प्रशिक्षित कई खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक हासिल कर भारत सरकार और बिहार सरकार के विभिन्न विभागों में सरकारी नौकरी भी प्राप्त की है. प्रशिक्षक के रूप में उनके योगदान के लिए उन्हें राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर कई बार सम्मानित किया जा चुका है.

रेंसी राकेश राज लगातार खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें उच्च स्तर पर अवसर उपलब्ध कराने के लिए काम कर रहे हैं. उनके मार्गदर्शन में नालंदा के कई खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर जिले और बिहार का नाम रोशन किया है.

खेल जगत ने दी बधाई

रेंसी राकेश राज के चयन पर ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, कराटे इंडिया ऑर्गेनाइजेशन के अध्यक्ष हंशी भरत शर्मा, महासचिव संजीव जांगड़ा, स्टेट कराटे एसोसिएशन ऑफ बिहार के अध्यक्ष अभय अतुल, महासचिव पंकज कांबली, रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन ऑफ बिहार के महासचिव डॉ. पंकज ज्योति, पेंचक सिलाट एसोसिएशन ऑफ नालंदा के अध्यक्ष डॉ. रविचंद्र कुमार, उपाध्यक्ष संजय कुशवाहा समेत जिले के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, खेल संगठनों और खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई दी है.

सभी ने उम्मीद जतायी कि रेंसी राकेश राज अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से नालंदा, बिहार और भारत का नाम गौरवान्वित करेंगे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अमर वर्मा

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >