राजगीर दोहरा हत्याकांड: परिजनों से मिले सांसद सुदामा प्रसाद; कहा- पुलिस और अपराधियों की मिलीभगत से हुई हत्या

Nalanda Rajgir Double Murder Case MP Sudama Prasad News: राजगीर के झुनकिया बाबा मंदिर के पास मॉब लिंचिंग में दो दलित युवकों की हत्या के बाद आरा सांसद सुदामा प्रसाद दीपनगर के गंजपर गांव पहुंचे. उन्होंने परिजनों को सांत्वना देते हुए घटना की हाई कोर्ट के सिटिंग जज से जांच, 50-50 लाख मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग की. भाकपा माले 25 जून को बिहारशरीफ में प्रतिवाद मार्च निकालेगी. पढ़ें पूरी रिपोर्ट.

नालंदा से रणजीत सिंह की रिपोर्ट

Nalanda Rajgir Double Murder Case MP Sudama Prasad News: नालंदा जिले के राजगीर से दलित उत्पीड़न, राजनीतिक हलचल और कड़े विरोध प्रदर्शन से जुड़ी खबर सामने आई है. राजगीर के चर्चित झुनकिया बाबा मंदिर के समीप मॉब लिंचिंग (भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या) के जघन्य मामले में दो दलित युवकों की मौत से मर्माहत आरा के सांसद सह भाकपा माले के केंद्रीय कमेटी के सदस्य कॉमरेड सुदामा प्रसाद आज बुधवार को मृतकों के दीपनगर थाना क्षेत्र स्थित गंजपर गांव पहुंचे. कड़े सुरक्षा घेरे के बीच गांव पहुंचे सांसद ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और इस दोहरे हत्याकांड के खिलाफ न्याय की लड़ाई आगे बढ़ाने का भरोसा दिया.

पुजारी, पुलिस और अपराधियों का नेक्सस है इस हत्याकांड की मुख्य वजह: सांसद

पीड़ित परिवार के घर पर मीडिया से बात करते हुए सांसद सुदामा प्रसाद ने राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन पर कड़ा प्रहार किया. उन्होंने इस घटना की तीव्र भर्त्सना करते हुए कड़े शब्दों में कहा कि यह पूरी वारदात मंदिर के पुजारी, स्थानीय पुलिस और इलाके के अपराधियों की आपसी मिलीभगत का सीधा परिणाम है.

सांसद ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मौजूदा सरकार के कथित बुलडोजर राज में सबसे ज्यादा आफत गरीब, शोषित और दलित समाज पर आ गई है, जिसके कारण पूरे सूबे के गरीबों में चौतरफा भारी आक्रोश पनप रहा है.

50-50 लाख रुपये का मुआवजा और सरकारी नौकरी देने की मांग

सांसद सुदामा प्रसाद ने इस भीषण कांड को लेकर सरकार से मांग की कि झुनकिया बाबा मंदिर परिसर में मारे गए दोनों युवकों के आश्रित परिजनों को तत्काल 50-50 लाख रुपये का आर्थिक मुआवजा दिया जाए. इसके साथ ही परिवार के एक-एक सदस्य को अनिवार्य रूप से सरकारी नौकरी मुहैया कराई जाए. उन्होंने कानून का इकबाल बुलंद करने के लिए सभी नामजद अपराधियों के खिलाफ स्पीडी ट्रायल चलाकर शीघ्र कठोर सजा देने, राजगीर थाना प्रभारी को तुरंत बर्खास्त करने, पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने और पूरे मामले की उच्च न्यायालय (हाई कोर्ट) के सिटिंग जज से निष्पक्ष न्यायिक जांच कराने की पुरजोर वकालत की.

25 जून को बिहारशरीफ में होगा बड़ा प्रतिवाद मार्च

इस दौरे के दौरान सांसद के साथ भाकपा माले के जिला सचिव कॉमरेड श्रीनिवास शर्मा, इंकलाबी नौजवान सभा के जिलाध्यक्ष कॉमरेड विरेश कुमार, जिला कमेटी सदस्य कॉमरेड अनिल पटेल, कॉमरेड सुनील कुमार, फुटपाथ दुकानदार संघ के नेता कॉमरेड किशोर साव और राजेश रविदास समेत कई बड़े वामपंथी नेतागण मुख्य रूप से मौजुद रहे.

सभी नेताओं ने मृतकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. इस दौरान भाकपा-माले द्वारा आधिकारिक रूप से घोषणा की गई कि इस दोहरे हत्याकांड के खिलाफ और अपनी कड़ी मांगों को लेकर आगामी 25 जून को बिहारशरीफ शहर में एक विशाल प्रतिवाद मार्च और जनसभा का आयोजन किया जाएगा.

Also Read: भरत तिवारी एनकाउंटर के विरोध में महापंचायत, हजारों गाड़ियां पहुंचीं, गांव में लगा ‘शहीद भरत नगर’ का बोर्ड

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aditya Kumar Ravi

बिहार के रहने वाले आदित्य कुमार रवि को पढ़ने-लिखने का बेहद शौक है। वे साहित्य, ग़ज़ल और कविता से गहरा लगाव रखते हैं। किताबों के साथ-साथ वे खेल के भी शौकीन हैं और क्रिकेट में काफी दिलचस्पी रखते हैं। फुर्सत के समय में उन्हें फ़िल्में देखना पसंद है। राजनीति को वे बहुत करीब से देखते और समझते हैं, इसलिए वे खुद को राजनीति का एक समर्पित छात्र मानते हैं। पत्रकारिता आदित्य का जुनून है और वे ज़मीन से जुड़ी खबरों को सामने लाने के लिए ग्राउंड रिपोर्टिंग करना पसंद करते हैं। उन्हें खास तौर पर गहराई से की जाने वाली खोजी खबरों और आंकड़ों पर आधारित डेटा स्टोरीज पर काम करना अच्छा लगता है। इसके अलावा, उन्हें न्यूज़ एंकरिंग और न्यूज़ प्रोडक्शन का भी व्यावहारिक ज्ञान है। आदित्य के पास 'दैनिक भास्कर' के साथ काम करने का अनुभव है। फिलहाल, वे 'प्रभात खबर' में कंटेंट राइटर के तौर पर काम कर रहे हैं, जहाँ फील्ड से आने वाली खबरों को संवारने और उन्हें वेबसाइट पर पाठकों तक पहुँचाने की जिम्मेदारी वे बखूबी निभाते हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >