Bihar Police SI Exam 2026 : नालंदा जिला प्रशासन ने बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा आयोजित होने वाली अवर निरीक्षक मद्य निषेध भर्ती परीक्षा को शांतिपूर्ण, स्वच्छ और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं. शुक्रवार को उप विकास आयुक्त रंजन कुमार चौधरी की अध्यक्षता में समाहरणालय में केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई. बैठक में परीक्षा संचालन से जुड़े सभी अधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया.
19 केंद्रों पर तैनात रहेंगे विशेष दंडाधिकारी
उप विकास आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा. उन्होंने बताया कि 12 जुलाई 2026 (रविवार) को एकल पाली में आयोजित होने वाली इस परीक्षा के लिए बिहारशरीफ जिला मुख्यालय के अंतर्गत 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. इस परीक्षा में कुल 13,176 अभ्यर्थी शामिल होंगे. प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक-एक केंद्र ऑब्जर्वर तथा दो-दो स्टैटिक दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है. परीक्षा की निगरानी को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए 38 स्टैटिक दंडाधिकारी, 9 गश्ती दल दंडाधिकारी तथा 4 वरीय पदाधिकारियों को उड़नदस्ता दल दंडाधिकारी के रूप में तैनात किया गया है.
Nalanda News : अभ्यर्थियों के लिए जारी हुए कड़े दिशा-निर्देश
प्रशासन ने अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं. सभी परीक्षार्थियों का रिपोर्टिंग समय सुबह 9:30 बजे निर्धारित किया गया है. इसी समय से अभ्यर्थियों को सघन फ्रिस्किंग के बाद परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा. प्रवेश प्रक्रिया सुबह 10:30 बजे तक चलेगी. इसके बाद किसी भी परिस्थिति में किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र या परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षा प्रारंभ होने के निर्धारित समय से 30 मिनट पूर्व तक ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश मिलेगा.
परीक्षार्थियों के लिए निर्देश और कंट्रोल रूम
इसलिए सभी अभ्यर्थियों को समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है. परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. परीक्षा संचालन की निगरानी के लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है. नियंत्रण कक्ष का टोल फ्री नंबर 18003456323 जारी किया गया है. जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (शिक्षा) को नियंत्रण कक्ष का वरीय प्रभारी बनाया गया है तथा वहां सुरक्षित दंडाधिकारी की भी प्रतिनियुक्ति की गई है.
सुरक्षा के मद्देनजर परीक्षा केंद्रों पर निषेधाज्ञा लागू
संयुक्त ब्रीफिंग में सभी केंद्राधीक्षकों, स्टैटिक मजिस्ट्रेट-सह-प्रेक्षकों, पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बल को निर्देश दिया गया कि वे परीक्षा केंद्रों पर सुबह 8:00 बजे तक अनिवार्य रूप से उपस्थित हो जाएं. परीक्षा केंद्रों को 9 जोन में विभाजित किया गया है तथा प्रत्येक जोन के लिए जोनल मजिस्ट्रेट (गश्ती दल दंडाधिकारी) की प्रतिनियुक्ति की गई है. प्रशासन ने बताया कि पूरी परीक्षा अवधि के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों पर सतत वीडियोग्राफी कराई जाएगी.
परीक्षा केंद्रों पर निषेधाज्ञा और सुरक्षा व्यवस्था
साथ ही परीक्षा केंद्रों की 500 गज की परिधि में भारतीय नागरिक संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू रहेगी, ताकि किसी भी प्रकार की भीड़, अव्यवस्था या अनुचित गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके. परीक्षा के दिन बिहारशरीफ शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी अलग से दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है, जिससे परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो. बैठक में विशेष कार्य पदाधिकारी (गोपनीय शाखा), सभी संबंधित केंद्राधीक्षक, दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे.
Also Read : युवती से छेड़छाड़ के आरोप में सिपाही गिरफ्तार, पुलिस की जवाबदेही पर उठे सवाल
