Nalanda News : (अमर वर्मा) राजगीर-बख्तियारपुर रेलखंड स्थित पावापुरी रोड रेलवे स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज (FOB) नहीं होने से यात्रियों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है. बुधवार सुबह हालात तब और बिगड़ गए, जब प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर मालगाड़ी खड़ी कर दोनों तरफ से रास्ता बंद कर दिया गया. इससे यात्रियों को घंटों भारी फजीहत झेलनी पड़ी और कई लोग जान जोखिम में डालकर पटरी पार करते नजर आए.
मालगाड़ी खड़ी होने से पूरी तरह बंद हुआ रास्ता
बुधवार तड़के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर मालगाड़ी खड़ी कर दिए जाने के कारण यात्रियों का रास्ता पूरी तरह जाम हो गया. प्लेटफॉर्म पार करने का कोई वैकल्पिक इंतजाम नहीं होने से लोगों में अफरातफरी मच गई. कई यात्री ट्रेन पकड़ने के लिए पटरियों के बीच से गुजरते दिखे, जिससे हादसे का खतरा बना रहा.
प्लेटफॉर्म नंबर 2 बना यात्रियों के लिए मुसीबत
पावापुरी रोड स्टेशन का प्लेटफॉर्म नंबर 2 काफी नीचा होने के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को ट्रेन में चढ़ने-उतरने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. बुधवार को मालगाड़ी के कारण सभी यात्री ट्रेनों को प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर लिया गया, जिससे परेशानी और बढ़ गई.
सामान और बच्चों के साथ पूरा प्लेटफॉर्म घूमने की मजबूरी
फुट ओवरब्रिज नहीं होने के कारण यात्रियों को भारी सामान और छोटे बच्चों के साथ पूरा प्लेटफॉर्म घूमकर दूसरे प्लेटफॉर्म तक पहुंचना पड़ता है. कई यात्रियों ने बताया कि ट्रेन आने के समय यह स्थिति और खतरनाक हो जाती है.
यात्रियों ने रेलवे प्रशासन पर लगाया लापरवाही का आरोप
स्थानीय लोगों और दैनिक यात्रियों ने रेलवे प्रशासन की कार्यशैली पर नाराजगी जताई है. लोगों का कहना है कि पावापुरी एक बड़ा धार्मिक और पर्यटन स्थल है, जहां देश-विदेश से श्रद्धालु पहुंचते हैं. इसके बावजूद यहां बुनियादी सुविधाओं का अभाव बना हुआ है.
फुट ओवरब्रिज और ऊंचे प्लेटफॉर्म की उठी मांग
यात्रियों ने पूर्व-मध्य रेलवे के अधिकारियों से मांग की है कि पावापुरी रोड स्टेशन पर जल्द से जल्द फुट ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाए. साथ ही प्लेटफॉर्म नंबर 2 की ऊंचाई बढ़ाने की भी मांग की गई है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा मिल सके.
