नालंदा के हिलसा में बकरीद को लेकर शांति समिति की बैठक: हुड़दंगियों और सोशल मीडिया पर रहेगी प्रशासन की पैनी नजर

Nalanda News: नालंदा जिले के हिलसा थाना परिसर में शनिवार को आगामी बकरीद पर्व को लेकर थाना अध्यक्ष अभिजीत कुमार की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक हुई. बैठक में बीडीओ अमर कुमार ने सोशल मीडिया पर कुर्बानी के वीडियो पोस्ट न करने और अपशिष्ट को गड्ढे में दबाने की सख्त हिदायत दी. सीओ मोहम्मद इकबाल अनवर ने कहा कि हुड़दंगियों पर कड़ी कार्रवाई होगी. सुरक्षा के लिहाज से ईदगाहों पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. बैठक में राकेश कुमार, शिव कुमार, मोहम्मद परवेज और रेखा देवी समेत दर्जनों लोग उपस्थित रहे.

Nalanda News(संतोष कुमार पार्थ): आगामी त्याग और समर्पण के प्रतीक बकरीद (ईद-उल-अजहा) पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को हिलसा थाना परिसर में एक महत्वपूर्ण शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. थाना अध्यक्ष अभिजीत कुमार की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मुस्लिम समुदाय के प्रबुद्ध नागरिक, स्थानीय जनप्रतिनिधि और नगर के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे. बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई कड़े फैसले लिए गए.

वीडियो पोस्ट करने और गंदगी फैलाने पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध: BDO

बैठक को संबोधित करते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) अमर कुमार ने क्षेत्रवासियों से बकरीद के त्योहार को आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द के साथ मनाने की पुरजोर अपील की. प्रशासनिक नियमों की जानकारी देते हुए उन्होंने विशेष हिदायत दी. कुर्बानी (बकरा हलाल) करते समय किसी भी प्रकार का फोटो या वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट न करें. ऐसा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. कुर्बानी के दौरान निकलने वाले खून और अपशिष्ट पदार्थों को किसी भी सूरत में खुले स्थानों, रास्तों या नालियों में न बहाएं. इसके लिए अपने घरों या चिन्हित स्थानों पर गड्ढा खोदकर उसे मिट्टी में सुरक्षित तरीके से दबा दें.

 बीडीओ ने आश्वस्त किया कि पर्व के दौरान शहर में साफ-सफाई, चूना-ब्लीचिंग का छिड़काव, निर्बाध पानी की आपूर्ति और अन्य सभी बुनियादी सुविधाएं नगर परिषद प्रशासन द्वारा मुस्तैदी से उपलब्ध कराई जाएंगी.

गड़बड़ी करने वाले सीधे जाएंगे जेल, अफवाहबाजों पर कसेगा शिकंजा: CO व थानाध्यक्ष

वहीं, अंचलाधिकारी (CO) मोहम्मद इकबाल अनवर ने बैठक में साफ लहजे में कहा कि त्योहार के मौके पर अनुमंडल और अंचल प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहेगा. यदि किसी भी असामाजिक तत्व ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने, अफवाह फैलाने या हुड़दंग मचाने की कोशिश की, तो पुलिस बिना किसी देरी के सख्त दंडात्मक कार्रवाई करेगी. उन्होंने जनता से अपील की कि किसी भी संदेहास्पद गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें.

थाना अध्यक्ष अभिजीत कुमार ने सुरक्षा खाका साझा करते हुए बताया कि हिलसा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी प्रमुख ईदगाहों और मस्जिदों पर नमाज के समय पर्याप्त संख्या में सशस्त्र पुलिस बल और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी. इसके अलावा, पुलिस की टेक्निकल सेल द्वारा सोशल मीडिया के हर प्लेटफॉर्म की चौबीसों घंटे मॉनिटरिंग की जाएगी ताकि भड़काऊ पोस्ट या अफवाह फैलाने वालों को तुरंत दबोचा जा सके.

बैठक में ये अधिकारी और प्रबुद्ध लोग रहे मौजूद

शांति समिति की इस बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ समाज के हर वर्ग के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया. मौके पर मुख्य रूप से अपर थानाध्यक्ष राकेश कुमार, शिव कुमार, गौरव प्रकाश, मोहम्मद परवेज, आशुतोष कुमार गौरी, संजीव कुमार, प्रमोद कुमार, रणधीर कुमार उर्फ पंकज, वार्ड पार्षद रेखा देवी, अल्का सिन्हा, रानी प्रियंका, नरेंद्र कुमार, नवल यादव, दिनेश यादव, अशोक कुमार, रंजीत रावत, राजेश कुमार, मनीष कुमार, सुमन कुमार, संतोष कुमार सहित कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे और सभी ने प्रशासन को शांति व्यवस्था बनाए रखने में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया.

Also Read: बिहार में अब बदमाशों की खैर नहीं, 428 अपराधियों की संपत्ति जब्त करेगी सरकार, 1433 की हुई है पहचान

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aditya Kumar Ravi

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >