नालंदा के एकंगरसराय से विनोद कुमार की रिर्पोट
Nalanda News: नालंदा जिले के एकंगरसराय प्रखंड में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक किशोर की जान चली गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना तेल्हाड़ा-इस्लामपुर मुख्य मार्ग पर गंगा बिगहा गांव के समीप हुई, जहां तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई.
गंगा बिगहा गांव के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार तीन युवक एक ही बाइक पर सवार होकर तेल्हाड़ा की ओर जा रहे थे. इसी दौरान गंगा बिगहा गांव के समीप बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सभी युवक गंभीर रूप से घायल हो गए.
एक किशोर की मौत, दो की हालत गंभीर
हादसे में जहानाबाद जिले के घोषी थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव निवासी सतीश चौधरी के 14 वर्षीय पुत्र अंकुश कुमार की मौत हो गई. वहीं तेल्हाड़ा थाना क्षेत्र के कोठरी गांव निवासी तन्नू कुमार और सन्नी कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए पावापुरी रेफर किया गया है.
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही तेल्हाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एकंगरसराय भेजा. वहां चिकित्सकों ने अंकुश कुमार को मृत घोषित कर दिया. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया.
गांव में पसरा मातम
हादसे की खबर मिलते ही मृतक और घायलों के परिजन अस्पताल पहुंच गए. घटना के बाद कोठरी गांव और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. स्थानीय लोगों के अनुसार बाइक की रफ्तार तेज थी, जिसके कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन पेड़ से जा टकराया.
Also Read: नालंदा : माता-पिता के घर आने की राह देख रहे थे सात बच्चे, बस में करंट फैलने से दोनों की मौत
