Nalanda News: बिहारशरीफ में डीएम कुंदन कुमार की अध्यक्षता में नालंदा समाहरणालय में जिला, अनुमंडल और प्रखंड स्तरीय अधिकारियों के साथ साप्ताहिक समन्वय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में विकास योजनाओं, जन शिकायतों, स्वास्थ्य सेवाओं, आपदा प्रबंधन और मलमास मेला 2026 की तैयारियों की गहन समीक्षा की गई. डीएम ने साफ कहा कि सरकारी कामों में लापरवाही और भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
मनरेगा और जल संसाधन विभाग को मिला बड़ा टास्क
बैठक में डीएम ने मनरेगा और जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ छोटी नदियों, नहरों और आहर-पइन की गाद उड़ाही तेज करने का निर्देश दिया. उन्होंने अतिक्रमण हटाकर जल स्रोतों को पुनर्जीवित करने और जमींदारी बांधों को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया.
अब सोमवार और शुक्रवार को हर हाल में होगी जनसुनवाई
डीएम ने कहा कि बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के तहत पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल और जिला स्तर के सभी कार्यालयों में प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को आम लोगों की शिकायतें अनिवार्य रूप से सुनी जाएंगी. अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि शिकायतकर्ताओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार करते हुए समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें.
हेल्पलाइन 1100 और सहयोग पोर्टल से भी कर सकेंगे शिकायत
जिलाधिकारी ने बताया कि हर महीने के प्रथम और तृतीय मंगलवार को पंचायतवार सहयोग शिविर लगाए जाएंगे. जिले के सभी प्रखंडों में 2 जून 2026 को विशेष सहयोग शिविर आयोजित होगा. आम लोग हेल्पलाइन नंबर 1100 और सहयोग पोर्टल के माध्यम से भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे.
खनन माफिया, पीडीएस और बिचौलियों पर चलेगा छापेमारी अभियान
डीएम ने खनन, अवैध परिचालन, पीडीएस दुकानों, आरटीपीएस काउंटर, भू-माफिया, निबंधन कार्यालय और सरकारी कामों में सक्रिय बिचौलियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार रोकने के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जाए.
अस्पतालों में खराब मशीनों पर डीएम सख्त
सिविल सर्जन को निर्देश देते हुए डीएम ने कहा कि अल्ट्रासाउंड, सिटी स्कैन और एक्स-रे मशीनें हर हाल में चालू रहनी चाहिए. खराब मशीनों की तत्काल मरम्मत कराने, मरीजों की रेफर सूची उपलब्ध कराने और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने का निर्देश दिया गया. साथ ही चंडी प्रखंड के राणा बिगहा में नए हेल्थ सेंटर निर्माण के लिए जमीन चिन्हित करने को कहा गया.
अगलगी और बाढ़ को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में
गर्मी के मौसम में बढ़ती आगजनी की घटनाओं को देखते हुए अग्निशमन दस्तों को पूरी तरह अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया. डीएम ने कहा कि सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए. वहीं सड़क दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को अनुग्रह राशि जल्द देने और बाढ़ पूर्व तटबंधों की मरम्मत समय पर पूरी करने का आदेश भी दिया गया.
मलमास मेला ड्यूटी में लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
मलमास मेला 2026 की तैयारियों की समीक्षा के दौरान डीएम ने स्पष्ट कहा कि ड्यूटी में अनुपस्थिति या लापरवाही किसी भी हाल में स्वीकार नहीं की जाएगी. मेडिकल बोर्ड से प्रमाणित होने के बाद ही अवकाश स्वीकृत होगा. बिना अनुमति अनुपस्थित पाए जाने वाले अधिकारियों और कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
सोलर योजना और पेयजल संकट पर भी दिए अहम निर्देश
डीएम ने प्रधानमंत्री सूर्योदय योजना के तहत अधिक से अधिक लोगों तक सोलर सिस्टम का लाभ पहुंचाने का निर्देश दिया. साथ ही गर्मी में पेयजल संकट के त्वरित समाधान और जल संचय योजनाओं की जानकारी पोर्टल पर अपलोड करने को कहा गया.
लंबित मामलों को जल्द निपटाने का आदेश
बैठक में सामाजिक सुरक्षा पेंशन, कबीर अंत्येष्टि योजना, मुख्यमंत्री परिवार लाभ योजना और अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन योजना समेत अन्य लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया गया. इसके अलावा सीडब्ल्यूजेसी, एमजेसी, सीपीग्राम, मानवाधिकार और सीएम डैशबोर्ड से जुड़े मामलों को भी समय पर निपटाने पर जोर दिया गया.
ALSO READ: पटना में गंगा नदी में डूबकर तीन युवकों की मौत, नहाने के दौरान हुआ हादसा
