सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर नालंदा प्रशासन अलर्ट, 23 केंद्रों पर 63 हजार से अधिक अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

Nalanda News: नालंदा जिले में 14 और 17 जून को आयोजित होने वाली सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारी पूरी कर ली है. 23 परीक्षा केंद्रों पर 63,648 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे, जबकि कदाचारमुक्त संचालन के लिए सुरक्षा और निगरानी के विशेष इंतजाम किए गए हैं.

Nalanda News (बिहारशरीफ कार्यालय से कंचन कुमार की रिपोर्ट): केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग, कारा एवं सुधार सेवाएं निरीक्षणालय, गृह विभाग (कारा) तथा परिवहन विभाग में क्रमशः मद्य निषेध सिपाही, कक्षपाल एवं चलंत दस्ता सिपाही के पदों पर नियुक्ति के लिए आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है. शुक्रवार को टाउन हॉल, बिहारशरीफ में जिला पदाधिकारी कुंदन कुमार की अध्यक्षता में संबंधित केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई.

बैठक में डीएम ने परीक्षा के सफल, स्वच्छ एवं कदाचारमुक्त संचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को केंद्रीय चयन पर्षद द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में परीक्षा की निष्पक्षता से समझौता नहीं किया जाएगा.

14 और 17 जून को दो पालियों में होगी परीक्षा

जिले में यह परीक्षा 14 जून (रविवार) तथा 17 जून (बुधवार) को दो पालियों में आयोजित की जाएगी. प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होगी.

जिला मुख्यालय बिहारशरीफ स्थित 23 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी. दोनों तिथियों पर प्रथम पाली में 15,912 तथा द्वितीय पाली में 15,912 अभ्यर्थी शामिल होंगे. इस प्रकार प्रत्येक परीक्षा दिवस में कुल 31,824 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे. दोनों दिनों को मिलाकर कुल 63,648 परीक्षार्थी विभिन्न केंद्रों पर परीक्षा में शामिल होंगे.

सुरक्षा और निगरानी के कड़े इंतजाम

परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है. प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक-एक केंद्र प्रेक्षक (ऑब्जर्वर), दो-दो स्टैटिक दंडाधिकारी तथा पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है.

इसके अलावा 92 स्टैटिक दंडाधिकारी, 44 गश्ती दल दंडाधिकारी तथा 10 वरीय पदाधिकारियों को उड़नदस्ता दंडाधिकारी के रूप में तैनात किया गया है. उड़नदस्ता दल लगातार विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर परीक्षा की निगरानी करेगा.

परीक्षा केंद्रों को कुल 11 जोन में विभाजित किया गया है तथा दोनों पालियों के लिए अलग-अलग जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं.

निर्धारित समय के बाद नहीं मिलेगा प्रवेश

जिला प्रशासन द्वारा अभ्यर्थियों के लिए रिपोर्टिंग समय भी निर्धारित कर दिया गया है. प्रथम पाली के परीक्षार्थियों को सुबह 8 बजे तथा द्वितीय पाली के अभ्यर्थियों को दोपहर 1 बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा.

प्रथम पाली के लिए सुबह 9 बजे तथा द्वितीय पाली के लिए दोपहर 2 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विलंब से आने वाले अभ्यर्थियों को किसी भी परिस्थिति में परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं मिलेगी.

मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध

परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए परीक्षा हॉल में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर अथवा किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. किसी भी परीक्षार्थी के पास प्रतिबंधित सामग्री मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

नियंत्रण कक्ष और निषेधाज्ञा लागू

परीक्षा संचालन के लिए जिला स्तर पर विशेष नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है. नियंत्रण कक्ष का टोल फ्री नंबर 18003456323 जारी किया गया है. जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (शिक्षा) को नियंत्रण कक्ष का वरीय प्रभारी पदाधिकारी नामित किया गया है. इसके अलावा नियंत्रण कक्ष में सुरक्षित दंडाधिकारी की भी प्रतिनियुक्ति की गई है.

प्रशासन ने परीक्षा अवधि के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों की 500 गज की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू करने का निर्णय लिया है. इस दौरान अनावश्यक भीड़ जुटाने और अवांछनीय गतिविधियों पर रोक रहेगी.

सभी केंद्रों पर होगी वीडियोग्राफी

परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर संपूर्ण परीक्षा अवधि के दौरान लगातार वीडियोग्राफी कराई जाएगी. जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा केंद्रों एवं आसपास के क्षेत्रों की विशेष निगरानी की जाएगी.

यातायात व्यवस्था भी रहेगी सुचारु

परीक्षा के दिन बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आगमन को देखते हुए जिला मुख्यालय बिहारशरीफ में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अलग से दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है. प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय से परीक्षा केंद्र पहुंचने और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है.

बैठक में अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी (गोपनीय शाखा), वरीय कोषागार पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, संबंधित केंद्राधीक्षक, दंडाधिकारी तथा पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे.

Also Read: राजगीर मलमास मेला में स्वास्थ्य विभाग की चौकस व्यवस्था, 73 हजार से अधिक श्रद्धालुओं को मिला उपचार

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikash Jha

विकाश झा एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और कंटेंट प्रोफेशनल हैं, जिन्हें मीडिया, डिजिटल कंटेंट और सोशल मीडिया कम्युनिकेशन के क्षेत्र में छह वर्षों से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में वह प्रभात खबर में सीनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक और माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है। पत्रकारिता की शुरुआत वर्ष 2020 में भोपाल से हुई, जिसके बाद उन्होंने ETV Bharat, Bharat Express और News24 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में विभिन्न जिम्मेदार भूमिकाओं का निर्वहन किया। News24 से आगे बढ़ते हुए उन्होंने Adglobal360 India Pvt. Ltd. के माध्यम से बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया। स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं। क्रिकेट के प्रति उनका गहरा लगाव है और वे क्रिकेट को सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि अपनी लेखनी का महत्वपूर्ण विषय मानते हैं। उन्हें यात्रा करना, नए लोगों और स्थानों को जानना तथा समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है। मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले विकाश डिजिटल मीडिया की तेज रफ्तार दुनिया में तथ्यों पर आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने के लिए जाने जाते हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >