Nalanda News(रणजीत सिंह): नालंदा जिले के बिहारशरीफ विद्युत डिवीजन के अंतर्गत बिजली चोरी और राजस्व क्षति के खिलाफ विभाग ने एक बड़ी दंडात्मक कार्रवाई की है. भागन बिगहा थाना क्षेत्र में बकाया बिल के कारण कनेक्शन काटे जाने के बावजूद अवैध तरीके से टोका फंसाकर ट्यूबवेल चलाने के आरोप में एक उपभोक्ता के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है. इसके साथ ही विभाग ने राजस्व क्षति की भरपाई के लिए आरोपी पर 57 हजार 539 रुपये का भारी जुर्माना भी ठोंका है. इस बड़ी कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रूप से बिजली का उपयोग करने वाले धंधेबाजों के बीच हड़कंप मच गया है.
मीटर बाइपास कर चल रहा था खेल, कुल 95 हजार से अधिक का बकाया
बिहारशरीफ विद्युत डिवीजन (टाउन 1) के सहायक विद्युत अभियंता (एसडीओ) संजीत कुमार ने मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि भागन बिगहा थाना क्षेत्र के सोहडीह, मुसेपुर रोड स्थित स्वर्गीय गनौरी महतो के नाम से एक वैध विद्युत कनेक्शन लिया गया था. इस कनेक्शन पर पूर्व से ही 38 हजार 159 रुपये का बिजली बिल बकाया चल रहा था, जिसके कारण विभाग द्वारा पूर्व में ही लाइन काट दी गई थी.
इसके बावजूद, जब बिजली विभाग द्वारा गठित विशेष छापेमारी टीम ने उक्त परिसर की औचक जांच की, तो स्वर्गीय गनौरी महतो के पुत्र महेंद्र प्रसाद को एलटी लाइन (LT Line) के तीनों फेजों में अवैध तरीके से टोका फंसाकर और मीटर को पूरी तरह बाइपास कर ट्यूबवेल चलाते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया. सहायक अभियंता के अनुसार, उपभोक्ता द्वारा की जा रही इस चोरी के कारण विद्युत विभाग को कुल 57 हजार 539 रुपये के राजस्व का सीधा नुकसान हुआ है. अब पूर्व का बकाया (38,159 रुपये) और जुर्माने की राशि (57,539 रुपये) मिलाकर उपभोक्ता पर कुल 95 हजार 698 रुपये की देनदारी तय की गई है.
भागन बिगहा थाने में केस दर्ज, छापेमारी के लिए विशेष टीम तैयार
राजस्व की इस बड़ी क्षति की भरपाई और दंडात्मक कार्रवाई के तहत सहायक विद्युत अभियंता संजीत कुमार के लिखित प्रतिवेदन पर भागन बिगहा थाने में आरोपी महेंद्र प्रसाद के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है.
विद्युत कार्यपालक अभियंता का वक्तव्य: मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए बिहारशरीफ टाउन के विद्युत कार्यपालक अभियंता विकास कुमार ने कहा कि बिजली चोरी के कारण विभाग को हर महीने भारी वित्तीय और राजस्व की क्षति उठानी पड़ती है. इसे रोकने के लिए विभाग पूरी तरह गंभीर है. चोरी और राजस्व क्षति पर प्रभावी नियंत्रण पाने के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में निरंतर सघन छापेमारी अभियान चला रही हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि अवैध रूप से टोका फंसाकर बिजली का उपयोग करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा; उनके खिलाफ न केवल केस दर्ज होगा बल्कि भारी जुर्माना भी वसूला जाएगा.
