नालंदा में 2 लाख रुपये के लिए विवाहिता की हत्या कर शव को किया गायब; कतरू बिगहा से नगरनौसा तक मचा कोहराम

Nalanda Nagarnausa Dowry Death News: नालंदा जिले के नगरनौसा थाना क्षेत्र के खजुरा गांव में दहेज के लिए विवाहिता रूबी कुमारी की हत्या कर शव गायब करने का मामला सामने आया है. परवलपुर के कतरू बिगहा निवासी पिता नवल किशोर प्रसाद ने पति नागेंद्र प्रसाद, ससुर सीता प्रसाद सहित पांच ससुराल वालों पर केस दर्ज कराया है. पढ़ें रिपोर्ट.

Nalanda Nagarnausa Dowry Death News (रजनीकांत कुमार): नालंदा जिले के नगरनौसा थाना क्षेत्र से समाज को शर्मसार करने वाली और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली वारदात सामने आई है. नगरनौसा के खजुरा गांव में एक विवाहिता की दहेज के खातिर बेरहमी से हत्या करने के बाद साक्ष्यों को पूरी तरह मिटाने की नीयत से उसके शव को गायब कर दिया गया है. इस खौफनाक मामले का खुलासा तब हुआ जब मृतका के लाचार पिता ने कलेक्ट्रेट और पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए ससुराल पक्ष के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है. इस घटना के बाद से ही आरोपी ससुराल वाले घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं.

हिन्दू रीति-रिवाज से हुई थी शादी

नगरनौसा थाना पुलिस को दिए गए आधिकारिक आवेदन और पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, परवलपुर थाना क्षेत्र के कतरू बिगहा गांव निवासी नवल किशोर प्रसाद ने अपनी पुत्री रूबी कुमारी की शादी पूरे धूमधाम और हिन्दू रीति-रिवाज के साथ नगरनौसा के खजुरा गांव निवासी नगेन्द्र प्रसाद के साथ संपन्न की थी. शादी के वक्त पिता ने अपनी हैसियत के मुताबिक उपहार स्वरूप 5 लाख रुपये नकद, सोने के कीमती जेवर, कपड़े और बर्तन सहित तमाम जरूरी सामान दामाद के हाथों में सौंपे थे, ताकि उनकी बेटी खुशहाल जीवन जी सके.

2 लाख रुपये की अतिरिक्त डिमांड और टॉर्चर

आवेदन में रोते हुए पीड़ित पिता ने आरोप लगाया है कि शादी के कुछ ही दिनों बाद से उनकी बेटी रूबी कुमारी को उसके पति नागेंद्र प्रसाद, ससुर सीता प्रसाद, सास, भैंसुर मुकेश प्रसाद और ननद सुलेखा देवी द्वारा अतिरिक्त दहेज के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से भयंकर प्रताड़ित किया जाने लगा. ससुराल वाले बार-बार ताना मारते थे कि तुम्हारे मायके वालों ने शादी में बहुत कम रुपया दिया है, इसलिए अपने पिता के घर से 2 लाख रुपये और लेकर आओ. इस विवाद को सुलझाने के लिए मायके वालों ने कई बार पंचायत की और मामला महिला थाने तक भी पहुंचा, जहां महिला थानाध्यक्ष ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर साथ रहने का प्रयास किया था, लेकिन ससुराल वालों के सिर पर खून सवार था.

19 जून को मिली हत्या की खबर, जांच में जुटी पुलिस

पीड़िता के पिता ने बताया कि 19 जून को अचानक उन्हें गुप्त सूचना मिली कि ससुराल वालों ने मिलकर उनकी बेटी रूबी कुमारी की जान ले ली है और पुलिस के डर से लाश को किसी गुप्त स्थान पर ठिकाने लगाकर गायब कर दिया है.

इस चौंकाने वाली खबर को सुनते ही जब मायके वाले खजुरा गांव पहुंचे, तो घर के सभी लोग ताला बंद कर फरार मिले. मामले की गंभीरता को देखते हुए नगरनौसा थानाध्यक्ष शशिरंजन कुमार मिश्रा ने बताया कि मृतका के पिता के आवेदन के आधार पर केस दर्ज कर मामले की सघन वैज्ञानिक जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस की स्पेशल टीम लापता शव को बरामद करने और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है.

Also Read: बिहार सब-जूनियर हैंडबॉल के फाइनल में नवादा ने पटना को 12-06 से हराया; जानिए किसे मिला बेस्ट खिलाड़ी का अवॉर्ड

Also Read: नालंदा के करायपरसुराय 22 दिव्यांगों में बांटी गई बैटरी ट्राई साइकिल; विधायक बोले “मुख्यधारा से जुड़ेंगे लोग”

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aditya Kumar Ravi

बिहार के रहने वाले आदित्य कुमार रवि को पढ़ने-लिखने का बेहद शौक है। वे साहित्य, ग़ज़ल और कविता से गहरा लगाव रखते हैं। किताबों के साथ-साथ वे खेल के भी शौकीन हैं और क्रिकेट में काफी दिलचस्पी रखते हैं। फुर्सत के समय में उन्हें फ़िल्में देखना पसंद है। राजनीति को वे बहुत करीब से देखते और समझते हैं, इसलिए वे खुद को राजनीति का एक समर्पित छात्र मानते हैं। पत्रकारिता आदित्य का जुनून है और वे ज़मीन से जुड़ी खबरों को सामने लाने के लिए ग्राउंड रिपोर्टिंग करना पसंद करते हैं। उन्हें खास तौर पर गहराई से की जाने वाली खोजी खबरों और आंकड़ों पर आधारित डेटा स्टोरीज पर काम करना अच्छा लगता है। इसके अलावा, उन्हें न्यूज़ एंकरिंग और न्यूज़ प्रोडक्शन का भी व्यावहारिक ज्ञान है। आदित्य के पास 'दैनिक भास्कर' के साथ काम करने का अनुभव है। फिलहाल, वे 'प्रभात खबर' में कंटेंट राइटर के तौर पर काम कर रहे हैं, जहाँ फील्ड से आने वाली खबरों को संवारने और उन्हें वेबसाइट पर पाठकों तक पहुँचाने की जिम्मेदारी वे बखूबी निभाते हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >