नालंदा: जियर तालाब की जमीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू, 71 लोगों को मिला अतिक्रमण का नोटिस

प्रशासन ने ऐतिहासिक जियर तालाब को अतिक्रमण मुक्त कराने की दिशा में बड़ी कार्रवाई शुरू की है. 71 लोगों को नोटिस मिलने के बाद 31 पक्के मकानों पर बुलडोजर चलाया गया. इस दौरान 23 भूमिहीन परिवारों को नियमानुसार जमीन देने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है.

Nalanda Jiyar Talab Encroachment: अस्थावां प्रखंड क्षेत्र के जियर गांव स्थित ऐतिहासिक जियर तालाब को अतिक्रमण से मुक्त कराने की दिशा में प्रशासन ने रविवार को कार्रवाई तेज कर दी. पटना उच्च न्यायालय में दायर एमजेसी संख्या 539/2025 में पारित आदेश के आलोक में प्रशासनिक अधिकारियों ने तालाब की जमीन का स्थल निरीक्षण किया. इस दौरान अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लेने के साथ चिन्हित अतिक्रमित मकानों पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई भी शुरू की गयी.

अस्थावां की अंचलाधिकारी विनीता ने बताया कि तालाब की जमीन पर अतिक्रमण करने वाले कुल 71 लोगों को पूर्व में नोटिस दिया गया था. इनमें 31 पक्के मकानों में रहने वाले लोगों ने अतिक्रमण हटाने के लिए चार माह का समय मांगा है. संबंधित लोगों ने इस अवधि में स्वयं अतिक्रमण हटाने का आश्वासन दिया है.

23 परिवार भूमिहीन मिले, पर्चा देने की प्रक्रिया शुरू

अंचलाधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान करीब 23 परिवार भूमिहीन पाये गये हैं. इन परिवारों के लिए नियमानुसार भूमि बंदोबस्ती और पर्चा निर्गत करने की प्रक्रिया की गयी है. भूमिहीन परिवारों के मामले में आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जायेगी.

न्यायालय के आदेश के अनुपालन में तेज हुई कार्रवाई

अंचलाधिकारी के अनुसार, तालाब की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने को लेकर पूर्व में भी न्यायालय के आदेश प्राप्त हुए हैं. सीडब्ल्यूजेसी संख्या 1824/2024 के तहत भी अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया गया था. न्यायालय के निर्देशों के आलोक में प्रशासन को 11 सितंबर 2026 को उच्च न्यायालय में जवाब देना है. इसी को लेकर कार्रवाई तेज की गयी है.

विधि-व्यवस्था के लिए अधिकारियों की तैनाती

अतिक्रमण हटाने के दौरान विधि-व्यवस्था बनाये रखने के लिए कई दंडाधिकारियों और अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी. इनमें बीडीओ गीता कुमारी, राजस्व पदाधिकारी प्रेमानंद प्रसाद, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी पुष्पा कुमारी, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी रविशंकर, प्रखंड समन्वयक आइसीडीएस जितेंद्र कुमार चौधरी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी कुमारी एकता वर्मा, कल्याण पदाधिकारी रत्ना दूबे, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी दामोदर राम और प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी महेंद्र कुमार पाण्डेय शामिल हैं.

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अस्थावां थानाध्यक्ष सह पुनि सत्यम कुमार, सारे थाना अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गयी.

52 एकड़ 21 डिसमिल में फैला है जियर तालाब

अंचलाधिकारी ने बताया कि जियर तालाब मौजा जियर, खाता संख्या 593 और खसरा संख्या 2644 में दर्ज है. तालाब का कुल रकबा 52 एकड़ 21 डिसमिल है. प्रशासनिक टीम ने स्थल निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों से आवश्यक जानकारी ली और तालाब की जमीन पर किये गये अतिक्रमण का भौतिक सत्यापन किया.

कार्रवाई शुरू होते ही अतिक्रमणकारियों में हलचल

प्रशासन की कार्रवाई शुरू होते ही अतिक्रमणकारियों में हलचल देखी गयी. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि न्यायालय के आदेश के अनुपालन में नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जायेगी. वहीं, भूमिहीन परिवारों के मामले में पहले भूमि बंदोबस्ती की प्रक्रिया पूरी की जा रही है.

प्रशासन का कहना है कि ऐतिहासिक जियर तालाब की भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कर उसके मूल स्वरूप को बहाल करने की दिशा में कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By जमींदर प्रसाद

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >