Nalanda News: नालंदा जिला मुख्यालय बिहारशरीफ में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और नागरिक कर्तव्यों की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘हर घर तिरंगा-2026’ अभियान का गरिमामय शुभारंभ किया गया. समाहरणालय परिसर से लेकर श्रम कल्याण केंद्र तक निकाली गई भव्य परेड के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई.
नालंदा की जिलाधिकारी (DM) उदिता सिंह, पुलिस अधीक्षक (SP) भारत सोनी, उप विकास आयुक्त (DDC) और नगर आयुक्त ने जिलेवासियों से इस राष्ट्रभक्ति अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया. इस दौरान ध्वज संहिता के पालन के साथ-साथ साइबर सुरक्षा, सौर ऊर्जा और महिला सुरक्षा जैसे सामाजिक मुद्दों पर भी व्यापक संदेश दिया गया.
'पीएम सूर्य घर योजना' से जुड़कर बनें आत्मनिर्भर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएम उदिता सिंह ने नागरिकों से केंद्र सरकार की 'पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' को अपनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र (Solar Rooftop) लगाकर आम लोग न केवल अपना बिजली बिल शून्य कर सकते हैं, बल्कि अतिरिक्त बिजली ग्रिड को बेचकर ऊर्जा उत्पादक भी बन सकते हैं. उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपने क्षेत्रों में इसके व्यापक प्रचार-प्रसार का आग्रह किया.
साइबर अपराध से बचाव के लिए 1930 पर करें तुरंत कॉल
साइबर सुरक्षा पर बात करते हुए डीएम व एसपी ने आम जनता को सतर्क रहने की हिदायत दी.
- गोपनीयता बनाए रखें: किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी (OTP), बैंक खाता विवरण, पिन (PIN) अथवा संवेदनशील व्यक्तिगत जानकारी कभी साझा न करें.
- तत्काल शिकायत दर्ज कराएं: साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें ताकि ठगी की राशि को समय रहते होल्ड कराया जा सके.
- सोशल मीडिया पर सतर्कता: बिना सत्यता जांचे सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा न करें.
इसके अलावा, छात्राओं के साथ छेड़खानी की घटनाओं पर कड़ा रुख अपनाते हुए डीएम ने कहा कि ऐसी किसी भी वारदात पर चुप्पी न साधें और तुरंत पुलिस व प्रशासन को सूचित करें.
4 प्रतियोगिताओं में 24 मेधावी छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित
बिहार शिक्षा परियोजना (नालंदा) के सौजन्य से जिले के विद्यालयों में कक्षा 6 से 8 और 9 से 12 वर्ग के लिए रंगोली, वाद-विवाद, निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था. उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल 24 मेधावी विद्यार्थियों को मंच पर सम्मानित किया गया:
- रंगोली प्रतियोगिता: मानवी कुमारी, राधा कुमारी, चांदनी कुमारी (वर्ग 6-8) | सुमन कुमारी, मुस्कान भारती, मनाहिल अलिजा (वर्ग 9-12)
- वाद-विवाद प्रतियोगिता: हेराम कुमार, आयुष कुमार, साक्षी कुमारी (वर्ग 6-8) | प्रिया भारती, सृष्टि कुमारी, आकृति कुमारी (वर्ग 9-12)
- निबंध प्रतियोगिता: स्वाति कुमारी, शिवानी कुमारी, अनुप्रिया (वर्ग 6-8) | धीरज कुमार, कोमल कुमारी, नव्या कुमारी (वर्ग 9-12)
- चित्रकला प्रतियोगिता: माही कुमारी, आरूषी, ब्यूटी कुमारी (वर्ग 6-8) | प्रेम कुमार, करीना कुमारी, रजनी कुमारी (वर्ग 9-12)
इसके साथ ही अभियान में सराहनीय योगदान देने वाले बैंक अधिकारियों, वेंडरों, उत्कृष्ट जनप्रतिनिधियों और लाभार्थियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया.
