Biharsharif News : नालंदा उद्यान महाविद्यालय, नूरसराय में उद्योग विभाग, बिहार सरकार के एमएसएमई निदेशालय की ओर से आयोजित रोजगार चयन प्रक्रिया में 13 विद्यार्थियों का चयन एमएसएमई-मित्र पद के लिए किया गया. चयन प्रक्रिया में महाविद्यालय के 21 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया. चयन लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के दो चरणों के आधार पर किया गया.
उद्योग विभाग और महाविद्यालय के संयुक्त सहयोग से हुई चयन प्रक्रिया
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रणधीर कुमार ने बताया कि चयन प्रक्रिया उद्योग विभाग और महाविद्यालय के संयुक्त सहयोग से आयोजित की गई. उन्होंने चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. उन्होंने कहा कि उद्योग बिहार की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं. विद्यार्थियों को कृषि आधारित नए उद्यम और उद्योगों से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के साथ-साथ स्वयं भी सफल उद्यमी बनने का प्रयास करना चाहिए.
Also Read : नागपंचमी पर बाक्स बाबा मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, दूध और लावा चढ़ाने पहुंचे हजारों श्रद्धालु
पांच प्रमुख स्तंभों पर कार्य कर रहा है एमएसएमई निदेशालय
एमएसएमई निदेशालय की ओर से बताया गया कि विभाग पांच प्रमुख स्तंभों पर कार्य कर रहा है. इनमें क्षमता निर्माण, केंद्रीकृत एकीकृत पोर्टल व्यवस्था, एमएसएमई केंद्रों की स्थापना, जीआई पहचान वाले उत्पादों का निर्यात और वस्त्र क्षेत्र को मजबूत करना शामिल है. इन पहलों के माध्यम से राज्य में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को बढ़ावा देने और नए रोजगार के अवसर सृजित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है.
Also Read : औरंगाबाद में चार वर्षों से जलजमाव की समस्या से जूझ रहे 300 परिवार, 19 अगस्त को प्रखंड कार्यालय पर धरना
इन 13 विद्यार्थियों का हुआ चयन
एमएसएमई-मित्र पद के लिए चयनित विद्यार्थियों में घनश्याम कुमार, राज अंकेश, अभिषेक कुमार, जया कुमारी, राहुल कुमार, मयंक कुमार पांडेय, अनुभव राज, श्रद्धा सुमन, श्रीकृष्णा, काव्या, गौरव कुमार, अभिषेक कुमार और प्रकाश राज शामिल हैं.
पढ़ाई के ज्ञान को व्यवहारिक रूप देने का मिलेगा अवसर
प्लेसमेंट प्रकोष्ठ के प्रभारी डॉ. महेश कुमार ने कहा कि यह विद्यार्थियों के लिए चार वर्षों की पढ़ाई से अर्जित ज्ञान को व्यवहारिक रूप देने का सुनहरा अवसर है. उन्होंने विद्यार्थियों को उद्यानिकी के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने और नए अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया. वहीं, प्लेसमेंट प्रकोष्ठ की सह-प्रभारी डॉ. आरती कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए चयनित विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
Also Read : देव भूमि आरोग्य ट्रस्ट ने मनाया सावन उत्सव, खुशबू बनीं सावन क्वीन
