Biharsharif News : नालंदा में मौसम परिवर्तन के साथ मच्छरों का प्रकोप बढ़ने पर बिहारशरीफ नगर निगम ने विशेष फॉगिंग अभियान शुरू किया है. नगर आयुक्त कृत्यानंद रंजन ने कार्यालय आदेश संख्या 1255 जारी कर नगर निगम के सभी 51 वार्डों के लिए फॉगिंग का रोस्टर निर्धारित कर दिया है. यह अभियान 20 जुलाई से 31 अगस्त तक चलेगा. प्रतिदिन तीन टीमें अलग-अलग वार्डों में फॉगिंग करेंगी.
रोजाना तीन टीमें करेंगी फॉगिंग
नगर आयुक्त ने निर्देश दिया है कि सभी टीम लीडर निर्धारित तिथि पर आवश्यक संसाधनों के साथ समय पर फॉगिंग सुनिश्चित करें. वार्ड जमादार अपने-अपने वार्ड में फॉगिंग कार्य की निगरानी करेंगे तथा दो सफाई कर्मियों को सहयोग के लिए तैनात करेंगे. सभी वार्डों में प्रतिदिन एंटी लार्वा रसायन का छिड़काव भी अनिवार्य किया गया है.
डेंगू प्रभावित क्षेत्रों पर रहेगी विशेष नजर
नगर निगम ने डेंगू प्रभावित इलाकों के लिए अतिरिक्त टीम गठित करने का निर्देश दिया है. ऐसे क्षेत्रों में लगातार फॉगिंग और एंटी लार्वा स्प्रे कराया जाएगा. स्वास्थ्य निरीक्षक परमानंद प्रसाद को प्रतिदिन आवश्यक मानव बल उपलब्ध कराने तथा कोषपाल को ईंधन और फॉगिंग रसायन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है. नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि रोस्टर के अनुपालन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
तीन टीमों को सौंपी गई जिम्मेदारी
फॉगिंग अभियान के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं. टीम-1 के नोडल कर्मी ओंकार दास, टीम-2 के राजू कुमार और टीम-3 के नीरज कुमार होंगे. वार्ड 26 से 51 तक के लिए विजय कुमार तथा वार्ड 1 से 25 तक के लिए कुंदन कुमार को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है. प्रत्येक टीम को प्रतिदिन 32 लीटर डीजल और चार लीटर पेट्रोल उपलब्ध कराया जाएगा. तय रोस्टर के अनुसार 31 अगस्त तक सभी 51 वार्डों में चरणबद्ध तरीके से फॉगिंग अभियान चलाया जाएगा.
