नालंदा : पंचाने नदी किनारे बनेगा आधुनिक रिवर फ्रंट, डीएम ने निर्माण कार्य तेज करने का दिया निर्देश

बिहारशरीफ के पंचाने नदी पर कोसुक घाट का आधुनिकीकरण किया जा रहा है. जिलाधिकारी ने निरीक्षण कर निर्माण कार्य को तेज करने के निर्देश दिए हैं. यह क्षेत्र पर्यटन और छठ पूजा के लिए महत्वपूर्ण होगा.

Nalanda News : नालंदा की डीएम उदिता सिंह ने शनिवार को भ्रमण कार्यक्रम के दौरान बिहारशरीफ स्थित पंचाने नदी के कोसुक घाट का स्थलीय निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणा के अनुरूप कोसुक घाट को आधुनिक रिवर फ्रंट के रूप में विकसित करने की योजना की प्रगति का जायजा लिया और निर्माण कार्य को तेज गति से पूरा करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति, प्रस्तावित सुविधाओं तथा कार्य की समय-सीमा की विस्तृत जानकारी ली. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि परियोजना के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और निर्धारित समय के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से कार्य पूरा किया जाए.

पर्यटन और मनोरंजन का केंद्र

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा के दौरान नालंदा जिले के लिए की गई महत्वपूर्ण घोषणाओं में बिहारशरीफ के पंचाने नदी स्थित कोसुक घाट को रिवर फ्रंट के रूप में विकसित करने की घोषणा शामिल है. इस महत्वाकांक्षी योजना के पूरा होने के बाद बिहारशरीफ शहर को एक नया आकर्षक पर्यटन एवं मनोरंजन स्थल मिलेगा. कोसुक घाट वह स्थान है, जहां पंचाने नदी बिहारशरीफ शहर में प्रवेश करती है.

रिवर फ्रंट विकसित होने के बाद यहां लोगों के लिए मॉर्निंग वॉक, सैर-सपाटा, व्यायाम, मनोरंजन और परिवार के साथ समय बिताने जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी. शहरवासियों के लिए यह स्थान एक प्रमुख सार्वजनिक मनोरंजन केंद्र के रूप में विकसित होगा.

इसके अलावा कोसुक घाट बिहारशरीफ-राजगीर मुख्य मार्ग के समीप स्थित है. ऐसे में राजगीर आने-जाने वाले देश-विदेश के पर्यटक भी यहां रुककर प्राकृतिक सौंदर्य और विकसित रिवर फ्रंट का आनंद ले सकेंगे, जिससे जिले में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.

श्रद्धालुओं को मिलेगी सुविधा

इस योजना के तहत विकसित होने वाले घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु छठ महापर्व के दौरान सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित तरीके से पूजा-अर्चना कर सकेंगे. इससे छठ व्रतियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी और धार्मिक आयोजनों के लिए भी यह स्थल अधिक उपयोगी बन जाएगा. इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता, नालंदा, संबंधित विभाग के कार्यपालक अभियंता, अन्य पदाधिकारी तथा स्थानीय लोग भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे.

Also Read : नालंदा सदर अस्पताल : बायोमेट्रिक उपस्थिति होगी अनिवार्य, गैरहाजिर डॉक्टरों का रुक सकता है वेतन


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kanchan kumar

कंचन कुमार वर्ष 2009 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उत्तराखंड से शुरुआत करने के बाद दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पटना, नवादा और बिहारशरीफ में विभिन्न मीडिया संस्थानों के साथ कार्य किया. पिछले 12 वर्षों से प्रभात खबर बिहारशरीफ कार्यालय में नालंदा जिला रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं. जिला प्रशासन, खोजी एवं विशेष रिपोर्ट, जमीनी पड़ताल, विकास, जनसरोकार के मुद्दों तथा लोकसभा और विधानसभा चुनावों के गहन विश्लेषण के लिए उनकी विशेष पहचान है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >