Nalanda News: बिहार सरकार के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री लखेंद्र पासवान ने बुधवार को नालंदा जिले के इसलामपुर प्रखंड स्थित सेरथुआ खुर्द गांव पहुंचकर हाल ही में मार दिए गए दलित युवक सूरज पासवान उर्फ सन्नी पासवान के पीड़ित परिजनों से मुलाकात की. मंत्री ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और आर्थिक सहायता के रूप में एससी/एसटी कल्याण विभाग की ओर से ₹4,12,650 की प्रथम किश्त का चेक मृतक की पत्नी ममता देवी को सौंपा.
उल्लेखनीय है कि गत 27 जुलाई को अपराधियों ने सन्नी पासवान की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी थी. मंत्री ने मृतक के पिता देवनंदन पासवान, पत्नी ममता देवी और भाई रक्कू पासवान से घटना की पूरी जानकारी ली.
पत्नी को सरकारी नौकरी और बच्चों को मिलेगी नि:शुल्क शिक्षा
मंत्री लखेंद्र पासवान ने मौके पर ही जिला कल्याण पदाधिकारी (नालंदा) को निर्देश दिया कि पीड़ित परिवार की वित्तीय सुरक्षा हेतु:
- परिवार के एक सदस्य (मृतक की पत्नी) को विभाग में सरकारी नौकरी देने की प्रक्रिया शुरू की जाए.
- मृतक के बच्चों की संपूर्ण शिक्षा की व्यवस्था निःशुल्क कराई जाए.
- सहायता राशि की दूसरी किश्त शीघ्र जारी की जाए.
मंत्री ने बताया कि घटना में शामिल तीन आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है तथा शेष अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए नालंदा पुलिस प्रशासन से वार्ता की गई है.
'अपराधियों का महिमामंडन नहीं होगा': एकंगरसराय में बोले मंत्री
सेरथुआ खुर्द से लौटने के क्रम में मंत्री लखेंद्र पासवान भाजपा नेता महेंद्र सिंह यादव के आग्रह पर एकंगरसराय थाना क्षेत्र के जगाय गांव पहुंचे. वहां उन्होंने विगत 9 अगस्त को गोलियों से भुने गए पंचायत समिति सदस्य श्याम प्रसाद के परिजनों व पुत्र राकेश कुमार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं.
कड़ा रुख अपनाते हुए मंत्री ने कहा, "अपराधियों को फूल पहनाने का समय नहीं रहा, अब उन पर फूल चढ़ाने का समय आ गया है. अपराधियों का महिमामंडन नहीं होगा और उनके लिए समाज में कोई स्थान नहीं है." उन्होंने आश्वस्त किया कि घटना को अंजाम देने वाले अपराधी चाहे कितने भी रसूखदार हों, पुलिस उन्हें जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजेगी.
नेताओं व कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत
इससे पूर्व इसलामपुर आगमन पर भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव तथा व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय साहू के नेतृत्व में पटना रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास मंत्री लखेंद्र पासवान का फूल-मालाओं और अंगवस्त्र के साथ भव्य स्वागत किया गया. इस दौरान युवा नेता चंद्रमणि कुमार, राहुल कुमार, विकास कुमार, मुकेश पासवान, कुणाल पासवान, मुखिया प्रतिनिधि विद्यानंद प्रसाद, मंडल अध्यक्ष राजकिशोर प्रसाद उर्फ टुनटुन मुखिया सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे.
