इस्लामपुर. बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के इस्लामपुर आगमन को लेकर रविवार को प्रखंड राजद कार्यालय में महागठबंधन की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता विधायक राकेश कुमार रौशन और विधान पार्षद डॉक्टर उर्मिला ठाकुर ने की. डॉ. उर्मिला ठाकुर ने बताया कि बिहार अधिकार यात्रा के तहत तेजस्वी यादव मंगलवार को गया रोड स्थित जी.एम.के. हाई स्कूल के खेल मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे. इस अवसर पर मलिक सराय से लेकर सभा स्थल तक सैकड़ों स्थानों पर तोरण द्वार बनाकर भव्य स्वागत किया जाएगा. उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी तैयारी करें. उन्होंने कहा कि यह यात्रा इस्लामपुर के विकास, बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे की समस्याओं को उजागर करने का बेहतरीन मौका है. साथ ही केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ भी आवाज उठाई जाएगी. विधायक राकेश कुमार रौशन ने कहा कि केंद्र व बिहार सरकार भ्रष्टाचार, डकैती और पलायन जैसी समस्याओं को छुपाने की कोशिश कर रही है. उन्होंने बताया कि जनता को धोखा देने का काम पिछले वर्षों से किया जा रहा है. बैठक में भाकपा माले के अंचल सचिव उमेश पासवान, सीपीआई के सचिव अनिल कुमार सिंह, पूर्व प्रमुख मिथलेश यादव, मुखिया संघ अध्यक्ष युगेश्वर सिंह सहित सैकड़ों राजद नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे. सभी ने तेजस्वी यादव के कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
