नालंदा: हिलसा के मुरतबिगहा में विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके वालों ने लगाया जहर देकर हत्या का आरोप; सास गिरफ्तार, पति फरार

हिलसा के मुरतबिगहा गांव में एक 19 वर्षीय नवविवाहिता रीना देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मायके वालों ने दहेज प्रताड़ना और जहर देकर हत्या का आरोप लगाया है. इस मामले में पुलिस ने मृतका की सास को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं पति की तलाश जारी है.

हिलसा. नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरतबिगहा गांव में बुधवार की देर शाम एक 19 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका की पहचान बबलू कुमार की पत्नी रीना देवी के रूप में हुई है. घटना की सूचना पर मायके वाले मौके पर पहुंचे और रीना को अचेत अवस्था में हिलसा अनुमंडलीय अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल भेज दिया.

दहेज प्रताड़ना और जहर देकर हत्या का आरोप

पटना जिले के धनरुआ थाना क्षेत्र स्थित सोहानीचक निवासी स्व. विजय शाव की पुत्री रीना देवी की शादी वर्ष 2025 में मुरतबिगहा निवासी बबलू कुमार से हुई थी. मृतका की मां रेणु देवी का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल वाले दहेज को लेकर रीना के साथ मारपीट और प्रताड़ित करने लगे थे. परिजनों का यह भी आरोप है कि रीना को जहरीला पदार्थ खिलाकर मारा गया है.

बीपी लो होने की बात कहकर बुलाया, पति मौके से फरार

मायके पक्ष ने बताया कि घटना की शाम ससुराल वालों ने उन्हें सीधे सूचना नहीं दी, बल्कि रीना की मौसी को फोन कर बताया कि उसका बीपी लो हो गया है और तबीयत खराब है. जब परिजन मुरतबिगहा पहुंचे, तो रीना कमरे में पड़ी हुई थी और उसका पति बबलू पहले ही घर से फरार हो चुका था. बताया जा रहा है कि मजदूरी करने वाला बबलू पिछले दो महीनों से घर पर ही रह रहा था.

सास गिरफ्तार, पति की तलाश में छापेमारी जारी

घटना को लेकर मृतका की मां रेणु देवी ने हिलसा थाने में पति बबलू कुमार और सास कांति देवी के खिलाफ दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है. थानाध्यक्ष चंद्रभानु ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सास कांति देवी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया गया है. वहीं फरार पति बबलू कुमार की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा.

Also Read: राजगीर में सोलर योजना का विस्तार, 30 हजार बीपीएल घर रोशन, अब किसानों को जोड़ने की तैयारी

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संतोष कुमार पार्थ

संतोष कुमार पार्थ वर्ष 2013 से पत्रकारिता एवं डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. पिछले तीन वर्षों से प्रभात खबर में हिलसा अनुमंडल मुख्यालय से संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं. स्थानीय जनसमस्याओं और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >