Biharsharif News : मद्य निषेध थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 58.125 लीटर विदेशी शराब बरामद की है. पुलिस ने मौके से कार चालक को गिरफ्तार कर वाहन भी जब्त कर लिया. मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
गुड़रु गांव मोड़ के पास हुई कार्रवाई
मद्य निषेध थाना पुलिस ने मंगलवार देर शाम इस्लामपुर थाना क्षेत्र के गुड़रु गांव मोड़ के पास वाहन जांच के दौरान एक संदिग्ध कार को रोका. तलाशी लेने पर कार से कुल 102 बोतलों में 58.125 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद हुई.
चालक गिरफ्तार, वाहन जब्त
पुलिस ने कार चालक की पहचान इस्लामपुर थाना क्षेत्र के मुजफ्फरा गांव निवासी सूरज कुमार के रूप में की. मौके से उसे गिरफ्तार कर लिया गया. साथ ही शराब तस्करी में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया गया.
आरोपी को भेजा गया न्यायिक हिरासत में
मामले में मद्य निषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार चालक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
छापेमारी टीम में ये अधिकारी रहे शामिल
इस कार्रवाई में दारोगा निरंजन कुमार, मोनी कुमारी, उत्पाद विभाग के सिपाही तथा होमगार्ड के जवान शामिल रहे. मद्य निषेध थाना पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
Also Read : शेखपुरा रहा बिहार का सबसे गर्म जिला, 37.7°C तापमान के बाद बारिश से मिली राहत
