Biharsharif News: नालंदा जिले अंतर्गत हिलसा थाना क्षेत्र के सूर्य मंदिर इलाके में बुधवार की शाम अचानक ताबड़तोड़ हुई फायरिंग से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल कायम हो गया. गोलियों की आवाज सुनते ही आसपास के दुकानदारों, राहगीरों और छात्रों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. प्राथमिक सूचना के अनुसार दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर जमकर गोलीबारी हुई, हालांकि घटना के सटीक कारणों और इसमें शामिल असमाजिक तत्वों की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है.
कोचिंग संस्थानों के गढ़ में घटना से सहमे छात्र
जिस सूर्य मंदिर क्षेत्र में यह दुस्साहसिक घटना घटी, वह हिलसा का प्रमुख शैक्षणिक हब (Coaching Hub) माना जाता है. यहां दर्जनों कोचिंग संस्थान संचालित होते हैं, जहां सुबह से शाम तक नौवीं से इंटरमीडिएट के हजारों छात्र-छात्राओं की आवाजाही लगी रहती है. अचानक हुई इस अंधाधुंध फायरिंग से कोचिंग पढ़कर निकल रहे मासूम छात्र-छात्राएं बुरी तरह सहम गए.
अवैध कोचिंग मंडी, मारपीट और छिनतई से स्थानीय लोग परेशान
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सूर्य मंदिर इलाके में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा और मारपीट, छिनतई जैसी घटनाएं आम बात होती जा रही हैं. लोगों का आरोप है कि रिहायशी मकानों में बिना किसी वैध निबंधन, सुरक्षा मानकों या क्षमता जांच के धड़ल्ले से दर्जनों कोचिंग सेंटर चलाए जा रहे हैं.
गौरतलब है कि बीते शनिवार को भी एक स्थानीय कोचिंग संस्थान के भीतर छात्रों के बीच हिंसक मारपीट हुई थी, जिसमें दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए थे. बार-बार हो रही हिंसक वारदातों के बावजूद कोचिंग मंडी क्षेत्र में पुलिस गश्ती न होने से स्थानीय लोगों और अभिभावकों में भारी आक्रोश है.
पुलिस की तफ्तीश जारी
मामले के संबंध में हिलसा थानाध्यक्ष चंद्रभानु ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची थी. हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही फायरिंग करने वाले असामाजिक तत्व मौके से फरार हो चुके थे. पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर उपद्रवियों की पहचान करने में जुटी है.
