Nalanda News : नालंदा जिला पदाधिकारी (डीएम) उदिता सिंह की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण मासिक बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने, यातायात नियमों के पालन को सख्ती से लागू कराने तथा ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई.
डीएम ने पुलिस, परिवहन विभाग, पथ निर्माण विभाग तथा संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य राजमार्ग तथा जिले के सभी दुर्घटना संभावित क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट) पर विशेष हेलमेट एवं गति जांच अभियान भी चलाया जाएगा.
17 ब्लैक स्पॉट में से 11 पर सुधार कार्य पूरे
बैठक में जिले के 17 चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर चल रहे सुरक्षा सुधार कार्यों की भी समीक्षा की गई. अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर स्थित 17 नंबर चौक, देवीसराय मोड़, ममू भांजा चौक, बिजवानपर गुमटी समेत कुल 11 दुर्घटना संभावित स्थलों पर गति सीमा संकेतक, साइन बोर्ड, सोलर ब्लिंकर तथा रंबल स्ट्रिप लगाने का कार्य पूरी तरह से संपन्न कर लिया गया है.
इससे इन स्थानों पर वाहन चालकों को पहले से अधिक सतर्क रहने में सहायता मिलेगी और दुर्घटनाओं की संभावना काफी कम होगी. अधिकारियों ने बताया कि चार अन्य ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा संबंधी कार्य तेजी से जारी हैं, जबकि शेष दो स्थानों पर भी शीघ्र कार्य प्रारंभ करने की तैयारी पूरी कर ली गई है.
घायलों की मदद करने वाले 'राहवीर' होंगे सम्मानित
बैठक में सड़क दुर्घटना के दौरान घायलों की मदद करने वाले संवेदनशील नागरिकों को प्रोत्साहित करने वाली 'राहवीर (गुड समैरिटन)' योजना की भी समीक्षा की गई. बताया गया कि जिला प्रशासन द्वारा पूर्व में राजेश कुमार और सुभाष कुमार को 'राहवीर' के रूप में सम्मानित किया जा चुका है.
दोनों को प्रोत्साहन राशि के रूप में 25-25 हजार रुपये का भुगतान किए जाने के लिए परिवहन विभाग को पत्र भेजा गया है. डीएम ने कहा कि ऐसे नागरिक समाज के लिए बड़ी प्रेरणा हैं और उनकी त्वरित सहायता से कई लोगों की अनमोल जान बचाई जा सकती है.
जून में काटे गए 205 चालान, हुई राजस्व वसूली
परिवहन विभाग ने जून माह की प्रवर्तन कार्रवाई की रिपोर्ट भी बैठक में प्रस्तुत की. रिपोर्ट के अनुसार, 1 जून से 30 जून 2026 के बीच यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कुल 205 चालान किए गए, जिनसे 1,49,500 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ.
इसके अलावा विभाग को सख्त निर्देश दिया गया कि लंबित 35,92,292 रुपये के चालान की वसूली में तेजी लाई जाए, ताकि राजस्व संग्रह के साथ-साथ यातायात नियमों के पालन को भी प्रभावी बनाया जा सके. इसके साथ ही मानसून को देखते हुए जिला पदाधिकारी ने क्षतिग्रस्त सड़कों और अंडरपास में जल निकासी की व्यवस्था तत्काल दुरुस्त करने का निर्देश दिया.
सड़क सुरक्षा को जन आंदोलन बनाने की अपील
बैठक के अंत में डीएम उदिता सिंह ने आम नागरिकों से यातायात नियमों का ईमानदारी से पालन करने की अपील की. उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें, हमेशा सीट बेल्ट और हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करें.
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है. सभी के सहयोग से ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाकर सुरक्षित और जिम्मेदार समाज का निर्माण किया जा सकता है.
Also Read : राजगीर : राज्यपाल ने किया ह्वेन त्सांग स्मारक का भ्रमण, नालंदा की ज्ञान परंपरा के संरक्षण की सराहना
