बिहारशरीफ. बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनके बेटे स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार गुरुवार सुबह 10 बजे अपने पैतृक गांव हरनौत के कल्याण बिगहा पहुंचे. मुख्यमंत्री पद से त्यागपत्र देने और राज्यसभा सांसद बनने के बाद यह उनका अपने पैतृक गांव का पहला दौरा है. नीतीश कुमार और निशांत कुमार ने गांव के देवी मंदिर में पूजा अर्चना की. उसके बाद राम लखन सिंह स्मृति वाटिका परिसर में पहुंचकर नीतीश कुमार ने अपनी पत्नी स्व. मंजू देवी को श्रद्धांजलि दी. बता दें आज उनकी पत्नी की 19वीं पुण्यतिथि है. गौरतलब है कि नीतीश कुमार जब मुख्यमंत्री के पद पर थे, तो स्थानीय लोग हजारों की संख्या में उन्हें आवेदन देने के लिए कल्याण बिगहा आते थे, लेकिन इस बार कुछ अलग नजर आया. इस बार महज दर्जनों आवेदन ग्रामीणों ने सौंपे. प्राप्त आवेदन की निष्पादन को लेकर नीतीश कुमार ने जिला अधिकारी कुंदन कुमार को जांच करने का निर्देश दिया. इस दौरान उनके साथ ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, सांसद कौशलेंद्र कुमार और जिले के सभी जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे. इसी दौरान नीतीश कुमार जिंदाबाद के नारे भी लगे और फरियादियों को सुना गया. हरनौत के पूर्व विधायक इंजीनियर सुनील कुमार ने बताया कि यह पूरी तरह से निजी और पारिवारिक यात्रा थी, लेकिन गांववासियों और समर्थकों के प्रेम को देखते हुए विशेष तैयारियां की गई थीं. उन्होंने कहा कि पहले की तरह इस बार भी नीतीश कुमार ने अपने आचरण को प्रस्तुत किया. उनके आगमन को लेकर कल्याण बीघा गांव में सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए थे और पूरे गांव को तोरण द्वारों और फूलों से सजाया गया था. नीतीश कुमार के पुत्र, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, लगभग एक घंटे तक अपने मकान में रुके और स्थानीय कार्यकर्ताओं से मुलाकात की. मौके पर अस्थवा विधायक डॉक्टर जितेंद्र कुमार, इस्लामपुर विधायक रोहल रंजन, विधायक पुत्र एवं जदयू जिला उपाध्यक्ष अनिल सिंह, जदयू प्रखंड अध्यक्ष रविकांत कुमार, जदयू कार्यकर्ता कक्कू सिंह, इंजीनियर रविशंकर, संतोष कुमार सिंह, रोहित सिंह, कुशेश्वर सिंह, सोनू कुमार, अरविंद सिंह, मुन्ना जी, हरनौत नगर पंचायत के मुख्य पार्षद प्रतिनिधि धीरज कुमार उर्फ पल्लू सिंह, हरनौत व्यापार मंडल अध्यक्ष दिलीप सिंह, सदर डीएसपी 2 संजय कुमार जायसवाल, बिहार शरीफ डीएसपी नूरुल हक, हरनौत थाना अध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा, कल्याण बीघा थाना अध्यक्ष निशा कुमारी, बीडीओ डॉ. पंकज कुमार, सीओ पूजा कुमारी, कार्यपालक पदाधिकारी सौरव सुमन, चिकित्सा प्रभारी डॉक्टर राजीव रंजन सिन्हा, डॉ. राकेश कुमार, नवीन कुमार, सूरज कुमार, आशीष कुमार समेत सैकड़ों लोग मौजूद थे.
पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बेटे निशांत के साथ पहुंचे पैतृक गांव
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनके बेटे स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार गुरुवार सुबह 10 बजे अपने पैतृक गांव हरनौत के कल्याण बिगहा पहुंचे.
