पचवाड़ा गांव में मामूली विवाद में रोड़ेबाजी, 12 लोग घायल

नालंदा थाना क्षेत्र के पचवाड़ा गांव में गुरुवार को मोटरसाइकिल से धक्का लगने के मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया.

सिलाव. नालंदा थाना क्षेत्र के पचवाड़ा गांव में गुरुवार को मोटरसाइकिल से धक्का लगने के मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया. दो पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, फिर मामला इतना बढ़ गया कि जमकर मारपीट और रोड़ेबाजी शुरू हो गई. इस घटना में करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए, जबकि दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गांव में एक मोटरसाइकिल सवार द्वारा दूसरे पक्ष के व्यक्ति को धक्का लग गया था. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ. पहले स्थानीय लोगों ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही देर में दोनों ओर से लोग जुट गए और लाठी-डंडों के साथ पथराव शुरू हो गया. अचानक हुई हिंसा से गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. घटना में घायल हुए लोगों में अशोक सिन्हा, दीपासु कुमार, बिन्टु कुमार, रोहित कुमार, रामा कुमार पासवान, आनन्दी कुमार, विरेन्द्र कुमार और मोहित कुमार सहित कई अन्य शामिल हैं. सभी घायलों को इलाज के लिए सिलाव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद पूनम कुमारी और रतन कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. घटना की सूचना मिलते ही नालंदा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने गांव में अतिरिक्त सतर्कता बढ़ा दी है ताकि दोबारा तनाव की स्थिति उत्पन्न न हो. पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी है. थाना अध्यक्ष ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से कुल 12 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है. मामले की जांच की जा रही है. फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, हालांकि पुलिस की मौजूदगी के कारण स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है़

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

SANTOSH KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >