नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र के बारा बिगहा गांव के नया खंधा स्थित भैरानल पुल के समीप पैन में डूबने से 55 वर्षीय किसान सुधीर जमादार की मौत हो गयी. शनिवार की सुबह पैन में शव तैरता मिलने के बाद आसपास के इलाके में सनसनी फैल गयी. मृतक बारा बिगहा गांव निवासी स्व. छोटन जमादार के पुत्र थे.
धान की फसल देखने निकले थे
ग्रामीणों के अनुसार, सुधीर जमादार शुक्रवार की शाम खेत में लगी धान की फसल देखने के लिए घर से निकले थे. देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई पता नहीं चला.
पैन में तैरता मिला शव
शनिवार की सुबह भैरानल पुल के समीप पैन में शव तैरता देख ग्रामीणों ने इसकी सूचना परिजनों को दी. सूचना मिलते ही हिलसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पैन से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में लिया.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा
हिलसा थानाध्यक्ष चंद्रभानु ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल भेज दिया है. किसान की मौत के बाद से गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
मुआवजे का मिला आश्वासन
घटना की जानकारी मिलते ही जदयू पंचायत अध्यक्ष सह वार्ड सदस्य मुन्ना प्रसाद मौके पर पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी. उन्होंने कहा कि मृतक के परिजनों को हरसंभव सहयोग किया जाएगा तथा सरकार की ओर से मिलने वाले मुआवजे का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक प्रयास किया जाएगा.
