शेखपुरा. शेखोपुरसराय में मोहब्बतपुर पंचायत में इन दिनों कड़ाके की ठंड के बीच पंचायत के मुखिया राजीव कुमार उर्फ बौआ जी जरूरतमंदों के लिए मसीहा बनकर सामने आए हैं.मुखिया स्वयं अपने समर्थकों के साथ पंचायत के विभिन्न टोले और गांवों में घूम-घूम कर जरूरतमंद, बुजुर्ग, असहाय और गरीब परिवारों के दरवाजे तक पहुंचकर कंबल का वितरण कर रहे हैं. नए साल की शुरुआत भी उन्होंने गरीबों के बीच कंबल बांटकर किया.कंबल पाकर ठंड से कांप रहे लोगों के चेहरों पर राहत और मुस्कान साफ देखी गई .मुखिया ने बताया कि पंचायत में ठंड से किसी को परेशानी न हो, इसके लिए हजारों कंबलों का वितरण किया जाना है, ताकि कोई भी जरूरतमंद इस भीषण ठंड में खुद को असहाय महसूस न करे.इस मौके पर मुखिया राजीव कुमार उर्फ बौआ जी ने भावुक होते हुए कहा कि “पंचायत में सड़क, नाली, पानी, बिजली जैसे विकास कार्यों को गति देना हमारी जिम्मेदारी है, लेकिन जनता की बुनियादी जरूरतों का ख्याल रखना भी हमारी नैतिक जिम्मेदारी है. एक सच्चा जनप्रतिनिधि वही होता है, जो हर परिस्थिति में अपनी जनता के साथ खड़ा रहे.”मुखिया जी के इस मानवीय पहल की पंचायत वासियों द्वारा जमकर सराहना की जा रही है.स्थानीय लोगों का कहना है कि आज के दौर में जब कई जनप्रतिनिधि जनता से दूर नजर आते हैं, ऐसे समय में मुखिया जी का खुद दरवाजे-दरवाजे जाकर मदद करना काबिले-तारीफ है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
