पंचायती राज विभाग गांवों के विकास के लिए प्रतिबद्ध : मंत्री

बिहार सरकार के द्वारा महात्मा गांधी के सपनों को साकार करने का प्रयास किया जा रहा है. इसके तहत पंचायतों को सशक्त बनाने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहे हैं.

बिहारशरीफ

. बिहार सरकार के द्वारा महात्मा गांधी के सपनों को साकार करने का प्रयास किया जा रहा है. इसके तहत पंचायतों को सशक्त बनाने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहे हैं. उक्त बातें मंगलवार को पंचायती राज मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने जिला परिषद अध्यक्ष के स्थानीय धनेश्वर घाट में बनाए गए नवनिर्मित आवास भवन का उद्घाटन के अवसर पर कही. उन्होंने कहा कि जब सरकार गांवों में बैठेगी तो निश्चित तौर पर जनता को लाभ होगा. उन्होंने पंचायती राज विभाग की महत्वाकांक्षी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी. मंत्री श्री गुप्ता ने कहा की पंचायती राज विभाग मुख्यमंत्री जी के निर्देशन में गांव के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है. मुख्यमंत्री का सपना है कि जिस तरह केंद्र और राज्य की सरकार है, उसी तरह पंचायत की सरकार भी मजबूत हो. इससे ग्रामीण इलाकों की समस्याओं का समाधान वहीं हो सकेगा. मंत्री ने बताया कि राज्य की 8,033 पंचायतों में से 1,500 पंचायतों में भवनों का निर्माण किया जा चुका है. जबकि लगभग 2,000 भवनों का निर्माण कार्य प्रगति पर है. लगभग 2,500 भवनों का काम भवन विभाग द्वारा किया जा रहा है. लगभग 1500 पंचायतों में जमीन की कमी के कारण समस्या आ रही है. इसे हल करने का प्रयास किया जा रहा है. जून 2025 तक पूरे बिहार की सभी 8,033 पंचायतों में सरकारी भवन का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य है. पंचायत भवन में डाक घर, सीएसपी बैंकिंग सुविधा, पुस्तकालय और डिजिटल सेवाओं की व्यवस्था शामिल है. इसका उद्देश्य ग्रामीण नागरिकों को प्रखंड या जिला मुख्यालय जाने की आवश्यकता को कम करना है. विभाग द्वारा सभी पंचायतों में आरटीपीएस काउंटर स्थापित किया है. इससे जाति, आवास और राशन कार्ड जैसी छोटी-छोटी समस्याओं का समाधान पंचायत स्तर पर ही होगा. उन्होंने पंचायत भवनों में बायोमेट्रिक सिस्टम स्थापित करने की पहल का भी उल्लेख किया. इससे पंचायत स्तर के कर्मचारी सरकारी भवन में नियमित रूप से उपस्थित रहेंगे. मंत्री ने पिछली सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा की 2005 से पहले बिहार की क्या स्थिति थी, यह सभी जानते हैं. जब-जब राजद वालों को अपने साथ किया, तब-तब उन लोगों ने गड़बड़ करने का काम किया है. कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष तनुजा कुमारी, डीडीसी श्रीकांत कुंडलीक खांडेकर सहित अन्य जिला परिषद सदस्य व जन प्रतिनिधि मौजूद थे.

जिप सदस्यों व अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक :

पंचायती राज मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता के द्वारा बाद में जिला परिषद सभागार में अधिकारियों व प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की गयी. बैठक में संबंधित अधिकारियों से पंचायत विकास योजनाओं का फीडबैक लिया गया. ग्रामीण सोलर लाइट, पंचायत सरकार भवन, क्षेत्र विकास की योजनाओं आदि के बारे में सदस्यों से जानकारी प्राप्त की गयी. बैठक के बाद मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जिला परिषद विकास की सभी योजनाओं को एक माह में पूरा करें.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >