बिहारशरीफ के एक ही घर से निकले दो बड़े अफसर, भाई-बहन ने एक साथ पास की 70वीं BPSC परीक्षा

BPSC 70th Result News: नालंदा जिले के बिहारशरीफ भरावपर निवासी मेडिकल दुकानदार कुमुद कुमार के बेटे शुभांकर राज और बेटी शिवांगी ने एक साथ 70वीं बीपीएससी परीक्षा पास कर उप राज्य कर आयुक्त पद पर सफलता पाई है. शुभांकर को 514वीं और शिवांगी को 711वीं रैंक मिली है. पढ़ें दोनों के संघर्ष और कामयाबी की पूरी रिपोर्ट.

बिहारशरीफ के रणजीत सिंह की रिपोर्ट

BPSC 70th Result News: नालंदा जिला मुख्यालय बिहारशरीफ के शहरी इलाके से पारिवारिक गौरव, कड़ी मेहनत और अटूट संकल्प की एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने पूरे जिले को अचंभित कर दिया है. शहर के व्यस्त भरावपर चौराहे के समीप मेडिकल स्टोर चलाने वाले कुमुद कुमार के घर में एक साथ दोहरी कामयाबी का महा-जश्न मनाया जा रहा है. उनके छोटे बेटे शुभांकर राज और बेटी शिवांगी ने बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में एक साथ बाजी मारी है. दोनों सगे भाई-बहन का चयन वाणिज्य कर विभाग के अंतर्गत उप राज्य कर आयुक्त (Assistant State Tax Commissioner) के बेहद प्रतिष्ठित पद पर हुआ है. इस ऐतिहासिक दोहरी सफलता के बाद कलेक्ट्रेट गलियारे, स्थानीय बाजार और रिश्तेदारों के बीच मिठाइयां बांटने का दौर शुरू हो गया है.

परिवार व चुने गए दोनों अधिकारी

चार साल की तपस्या के बाद चमकी शुभांकर की किस्मत

प्रभात खबर संवाददाता से विशेष बातचीत के दौरान दोनों होनहारों ने अपनी इस अविश्वसनीय यात्रा के अनुभवों को साझा किया. छोटे भाई शुभांकर राज ने बताया कि उनकी प्रारंभिक शिक्षा बिहारशरीफ के ही एक निजी स्कूल से हुई थी. इसके बाद उन्होंने साल 2013 में पहाड़पुरा स्थित कैंब्रिज स्कूल से मैट्रिक और 2015 में आरपीएस पब्लिक स्कूल से इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की. साल 2018 में जीडीएम कॉलेज (हरनौत) से स्नातक (Graduation) करने के बाद उन्होंने 2023 से खुद को बीपीएससी की तैयारी में झोंक दिया था. लगातार चार वर्षों के कड़े परिश्रम और तीन असफलताओं से सीख लेते हुए उन्होंने अपने चौथे प्रयास में 514वीं रैंक के साथ यह शानदार मुकाम हासिल किया है.

सांकेतिक तस्वीर

पीएमसीएच की छात्रा शिवांगी ने दूसरे प्रयास में ही मारी बाजी

दूसरी तरफ, बड़ी बहन शिवांगी की सफलता की कहानी भी बेहद दिलचस्प है. उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई शहर के निजी संस्थान से करने के बाद साल 2012 में डीएवी स्कूल बिहारशरीफ से 10वीं और 2014 में आरपीएस स्कूल से 12वीं की पढ़ाई पूरी की.

इसके बाद उनका चयन पटना के प्रतिष्ठित पीएमसीएच (PMCH) में हुआ, जहां से उन्होंने साल 2022 में बैचलर ऑफ ऑक्यूपेशनल थेरेपी की डिग्री हासिल की. चिकित्सा क्षेत्र की पढ़ाई पूरी करने के तुरंत बाद उन्होंने सिविल सेवा का रुख किया और बेहतरीन रणनीति के बल पर महज दूसरे ही प्रयास में 711वीं रैंक लेकर उप राज्य कर आयुक्त के पद पर अपना कब्जा जमा लिया.

सांकेतिक तस्वीर

यह भी पढ़ें: बड़ा भाई अरवल में CO, अब छोटा भाई भी बना अफसर! नालंदा के आनंद प्रसाद ने बीपीएससी में लहराया परचम

केंद्र सरकार में बड़े पद पर हैं बड़े भाई, माता-पिता को दिया श्रेय

कुमुद कुमार के परिवार में कुल तीन बच्चे हैं और तीनों ही देश की सेवा में शीर्ष पदों पर मुस्तैद हैं. इन दोनों के बड़े भाई पहले से ही केंद्र सरकार के एक बेहद प्रतिष्ठित विभाग में अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं.

भाई-बहन ने अपनी इस महा-सफलता का पूरा श्रेय अपने व्यवसायी पिता, गृहिणी माता संगीता देवी के अटूट विश्वास और गुरुजनों के सही मार्गदर्शन को दिया है. दोनों का मानना है कि यदि परिवार का सहयोग साथ हो, तो घर के बंद कमरों में रहकर भी बिना किसी भटकाव के सबसे कठिन परीक्षाओं को पास किया जा सकता है. भरावपर स्थित उनके आवास पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों और शुभचिंतकों की भारी भीड़ उमड़ रही है, जो दोनों को गुलदस्ता भेंट कर उनके स्वर्णिम प्रशासनिक भविष्य की कामना कर रहे हैं.

सांकेतिक तस्वीर

यह भी पढ़ें: बक्सर में शराबबंदी तार-तार: रात होते ही ‘जवहीं दियर’ और ‘बलुआ घाट’ पर चलता है माफिया का सिक्का

यह भी पढ़ें: रोहतास के आरा लाइन नहर में स्नान के दौरान 12 वर्षीय किशोर डूबा, परिवार में मचा कोहराम

गोपालगंज के कटेया इनरवा पुल पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aditya Kumar Ravi

बिहार के रहने वाले आदित्य कुमार रवि को पढ़ने-लिखने का बेहद शौक है। वे साहित्य, ग़ज़ल और कविता से गहरा लगाव रखते हैं। किताबों के साथ-साथ वे खेल के भी शौकीन हैं और क्रिकेट में काफी दिलचस्पी रखते हैं। फुर्सत के समय में उन्हें फ़िल्में देखना पसंद है। राजनीति को वे बहुत करीब से देखते और समझते हैं, इसलिए वे खुद को राजनीति का एक समर्पित छात्र मानते हैं। पत्रकारिता आदित्य का जुनून है और वे ज़मीन से जुड़ी खबरों को सामने लाने के लिए ग्राउंड रिपोर्टिंग करना पसंद करते हैं। उन्हें खास तौर पर गहराई से की जाने वाली खोजी खबरों और आंकड़ों पर आधारित डेटा स्टोरीज पर काम करना अच्छा लगता है। इसके अलावा, उन्हें न्यूज़ एंकरिंग और न्यूज़ प्रोडक्शन का भी व्यावहारिक ज्ञान है। आदित्य के पास 'दैनिक भास्कर' के साथ काम करने का अनुभव है। फिलहाल, वे 'प्रभात खबर' में कंटेंट राइटर के तौर पर काम कर रहे हैं, जहाँ फील्ड से आने वाली खबरों को संवारने और उन्हें वेबसाइट पर पाठकों तक पहुँचाने की जिम्मेदारी वे बखूबी निभाते हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >