दस साल बाद पत्रकारों के लिए खुलेगा बिहारशरीफ प्रेस क्लब, इसी माह शुरू हो सकता है संचालन

करीब दस वर्षों से बंद पड़ा बिहारशरीफ प्रेस क्लब पत्रकारों के लिए जल्द खुलने वाला है.जिला प्रशासन की सक्रिय पहल के बाद भवन को फिर से उपयोगी बनाया जा रहा है.इसी माह के अंत तक इसके संचालन शुरू होने की उम्मीद है.

Biharsharif press club: करीब दस वर्षों से बंद पड़ा बिहारशरीफ प्रेस क्लब अब पत्रकारों के लिए खुलने की राह पर है. जिला प्रशासन की सक्रिय पहल के बाद भवन को फिर से उपयोगी बनाने का काम तेज हो गया है. रंग-रोगन, बिजली, पानी और साफ-सफाई समेत जरूरी बुनियादी सुविधाएं पूरी कर ली गयी हैं. जिला पदाधिकारी उदिता सिंह भी प्रेस क्लब के संचालन को लेकर लगातार रुचि ले रही हैं. संचालन की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गयी है.

प्रेस क्लब की सुरक्षा के लिए दो प्रहरी और एक गार्ड

प्रेस क्लब की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला पदाधिकारी ने दो प्रहरी और एक सुरक्षा गार्ड उपलब्ध कराने की अनुमति दे दी है. नये जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अजय कुमार की देखरेख में संचालन से जुड़ी तैयारियां की जा रही हैं. प्रेस क्लब के आगे बने गड्ढे को भरने के लिए नगर निगम से भी बात की गयी है.

67 लाख की लागत से वर्ष 2015-16 में बना था भवन

बिहारशरीफ प्रेस क्लब भवन का निर्माण वर्ष 2015-16 में करीब 67 लाख रुपये की लागत से कराया गया था. हालांकि, लंबे समय तक इसका उपयोग नहीं हो सका. वर्ष 2024 में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के दिशा-निर्देश के बाद इसके संचालन की प्रक्रिया दोबारा शुरू की गयी. अब प्रशासनिक स्तर पर तेजी से पहल होने के बाद इसके जल्द शुरू होने की उम्मीद बढ़ गयी है.

पत्रकारों के लिए उपलब्ध होंगी जरूरी सुविधाएं

पत्रकारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रेस क्लब में वाइ-फाइ, पेयजल, कॉपी-कागज, नाश्ता और अन्य आवश्यक सामग्रियों की उपलब्धता पर भी विचार किया जा रहा है. उद्देश्य पत्रकारों को समाचार संकलन और आपसी संवाद के लिए सुविधाजनक कार्यस्थल उपलब्ध कराना है.

प्रशासन और पत्रकारों के बीच जल्द होगी बैठक

प्रेस क्लब के संचालन की व्यवस्था को लेकर प्रशासन और पत्रकारों के बीच बैठक प्रस्तावित है. बैठक में संचालन व्यवस्था समेत अन्य बिंदुओं पर अंतिम निर्णय लिया जा सकता है. फिलहाल कार्यालय अवधि में प्रेस क्लब का संचालन शुरू करने की तैयारी है. आवश्यकता के अनुसार आगे दिन-रात संचालन पर भी विचार किया जायेगा.

रंग-रोगन के बाद तैयार नवनिर्मित प्रेस क्लब भवन

इसी माह के अंत तक शुरू हो सकता है संचालन

जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अजय कुमार ने बताया कि प्रेस क्लब से संबंधित बिजली, पानी, रास्ता, सफाई और सुरक्षा समेत सभी बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था कर ली गयी है. जिला पदाधिकारी प्रेस क्लब के संचालन को लेकर लगातार अपडेट ले रही हैं. उन्होंने बताया कि एक-दो दिनों में प्रमुख पत्रकारों के साथ प्रशासन की बैठक प्रस्तावित है. बैठक के बाद प्रेस क्लब को पत्रकारों के लिए खोलने की उम्मीद है. सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी होने के बाद इसी माह के अंत तक इसका संचालन शुरू किया जा सकता है.

दस साल बाद शुरू होने की उम्मीद से पत्रकारों में उत्साह

करीब दस वर्षों से बंद पड़े प्रेस क्लब के दोबारा शुरू होने की संभावना से जिले के पत्रकारों में उत्साह है. संचालन शुरू होने के बाद पत्रकारों को समाचार संकलन, संवाद और आपसी समन्वय के लिए एक निर्धारित स्थान उपलब्ध हो सकेगा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By कंचन कुमार

कंचन कुमार वर्ष 2009 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उत्तराखंड से शुरुआत करने के बाद दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पटना, नवादा और बिहारशरीफ में विभिन्न मीडिया संस्थानों के साथ कार्य किया. पिछले 12 वर्षों से प्रभात खबर बिहारशरीफ कार्यालय में नालंदा जिला रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं. जिला प्रशासन, खोजी एवं विशेष रिपोर्ट, जमीनी पड़ताल, विकास, जनसरोकार के मुद्दों तथा लोकसभा और विधानसभा चुनावों के गहन विश्लेषण के लिए उनकी विशेष पहचान है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >