बिहारशरीफ की 18 वर्षीय युवती का अपहरण कर पटना के युवक को 50 हजार में बेचा, मंदिर में कराई जबरन शादी, महिला सहित 4 गिरफ्तार

BiharSharif Missing woman found : बिहारशरीफ से 18 वर्षीय युवती का अपहरण कर जबरन शादी कराने के आरोप में पुलिस ने एक महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है. युवती को इस्लामपुर से सकुशल बरामद कर लिया गया है. यह गिरोह 50 हजार रुपये लेकर युवती की शादी करवा रहा था.

BiharSharif Missing woman found : बिहारशरीफ के लहेरी थाना क्षेत्र के रामचंद्रपुर बस स्टैंड से लापता हुई 18 वर्षीय युवती को पुलिस ने इस्लामपुर थाना क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया है. मामले की जांच के दौरान पुलिस ने युवती को जबरन शादी के लिए ले जाने और शादी कराने के आरोप में एक महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपितों में तीन पटना जिले के पंडारक और बाढ़ थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं, जबकि एक नालंदा के इस्लामपुर थाना क्षेत्र का निवासी है.

4 अगस्त को हुई थी लापता

लहेरी थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक रंजीत कुमार रजक ने बताया कि 4 अगस्त को शेखपुरा जिले के बरबीघा निवासी ममता देवी अपनी 18 वर्षीय पुत्री का इलाज कराने बिहारशरीफ स्थित मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉ. बृजभूषण के पास आयी थीं. इसी दौरान उनकी पुत्री रामचंद्रपुर बस स्टैंड से अचानक लापता हो गयी.

बरबीघा थाने में दर्ज हुई थी प्राथमिकी

युवती के लापता होने के बाद परिजनों ने बरबीघा थाना में आवेदन दिया था. बरबीघा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर मामले को लहेरी थाना भेजा गया. इसके आधार पर लहेरी थाना में 1 सितंबर को प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की.

थानाध्यक्ष के अनुसार, तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवती को इस्लामपुर थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर सोहजना गांव से सकुशल बरामद कर लिया.

पुलिस जांच में जबरन शादी कराने का आरोप

पुलिस के अनुसार, युवती के बयान और अनुसंधान के दौरान यह बात सामने आयी कि 59 वर्षीय उषा देवी ने कथित तौर पर युवती के मुंह पर रूमाल रखकर उसे टेंपो से बाढ़ स्थित उमानाथ मंदिर पहुंचाया था. इसके बाद सुधीर सिंह और बिरेन्द्र सिंह उर्फ बिल्लु सिंह के माध्यम से उसकी शादी दिलीप सिंह से कराये जाने का आरोप है.

पुलिस का कहना है कि शादी कराने के बदले दिलीप सिंह से 50 हजार रुपये लिये गये थे. आरोप के अनुसार, इस रकम में से सुधीर सिंह को 30 हजार, बिरेन्द्र सिंह को 10 हजार और उषा देवी को 10 हजार रुपये मिले.

चारों आरोपितों की हुई गिरफ्तारी

पुलिस ने मामले में उषा देवी, बिरेन्द्र सिंह उर्फ बिल्लु सिंह, सुधीर सिंह और दिलीप सिंह को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पटना जिले के पंडारक थाना क्षेत्र के मानिकपुर गांव निवासी स्वर्गीय झांसी सिंह की पत्नी उषा देवी, रामप्रवेश सिंह के पुत्र बिरेन्द्र सिंह उर्फ बिल्लु सिंह, एनटीपीसी थाना क्षेत्र के दयाल चक गांव निवासी स्वर्गीय स्वारथ सिंह के पुत्र सुधीर सिंह और नालंदा के इस्लामपुर थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर सोहजना गांव निवासी स्वर्गीय धनेश्वर सिंह के पुत्र दिलीप सिंह के रूप में हुई है. पुलिस चारों आरोपितों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.

पुलिस टीम ने ऐसे की कार्रवाई

कार्रवाई में लहेरी थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक रंजीत कुमार रजक के अलावा पुलिस अवर निरीक्षक संजीव कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक नितीश रंजन, सहायक अवर निरीक्षक अनिता कुमारी और सिपाही झुन्नु कुमार शामिल थे.

Also Read : बिहारशरीफ : सोईवा नदी का बढ़ा जलस्तर तो तटबंध में शुरू हुआ कटाव, अधिकारी पहुंचे, युद्धस्तर पर शुरू हुई मरम्मत

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >