बिंद थाना क्षेत्र में रफ्तार का कहर, बाइक सवार गंभीर रूप से जख्मी

Bihar Sharif News : बिंद थाना क्षेत्र के मसाढा मोड़ के पास हुआ हादसा, बाइक के उड़ गए परखच्चे. प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में युवक को सदर अस्पताल बिहारशरीफ रेफर किया गया.

नालंदा से मुकुल की रिपोर्ट
Bihar Sharif Road Accident News : नालंदा जिला के बिंद थाना क्षेत्र अंतर्गत मसाढा मोड़ के समीप शनिवार को एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई. प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बिंद में भर्ती कराया गया. वहां मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल बिहारशरीफ रेफर कर दिया.

पिकअप चालक मौके से फरार

घायल युवक की पहचान राजगीर थाना क्षेत्र के राजगीर निवासी अनिल केवट के रूप में की गई है. परिजनों ने बताया कि अनिल केवट अपने घर राजगीर से बिंद थाना क्षेत्र के नौरंगा गांव स्थित अपने ससुराल जा रहे थे. इसी दौरान मसाढा मोड़ के पास सामने से आ रहे एक अज्ञात पिकअप वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही अनिल सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद पिकअप चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया. सूचना मिलने पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. बिंद थानाध्यक्ष मुरली मनोहर आजाद ने बताया कि फरार पिकअप और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा मामले की जांच जारी है.

Also Read : कचरे से कमाई और खेती को फायदा, नालंदा में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को मिली मजबूती, 226 यूनिट का लक्ष्य, 173 बनकर तैयार

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: YUVRAJ RATAN

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >