नालंदा (बिहारशरीफ) से मुकुल नाथ सिन्हा की रिपोर्ट
Bihar Sharif News : जिला विधिक सेवा प्राधिकार, नालंदा के तत्वावधान में शनिवार को बिंद प्रखंड के हाई स्कूल मैदान में मेगा विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का उद्घाटन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुशांत कुमार, एसटीएफ के डीजी कुंदन कृष्णन, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय रवींद्र सिंह, एडीजे-10 प्रवीण कुमार, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव राजेश कुमार गौरव तथा सीजेएम-1 योगेंद्र कुमार शुक्ला ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया.
ईवी सब्सिडी और ड्राइविंग लाइसेंस का हुआ वितरण
शिविर में दिव्यांगजन सशक्तिकरण, विद्युत, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण, स्वास्थ्य, परिवहन, श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक, शिक्षा तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। उद्घाटन के बाद प्रधान जिला जज ने सभी स्टॉलों का फीता काटकर शुभारंभ किया तथा योजनाओं की जानकारी ली. इस दौरान बिंद थाना से संबंधित चार मामलों का आपसी समझौते के आधार पर निष्पादन किया गया. परिवहन विभाग की ओर से लाभार्थियों को ईवी सब्सिडी एवं ड्राइविंग लाइसेंस वितरित किए गए.
एक ही मंच पर कानूनी सहायता और सरकारी योजनाएं
विद्युत विभाग में कुल पांच मामलों की सुनवाई हुई, जिनमें चार लोड बढ़ाने तथा एक मीटर बदलने से संबंधित था. महमूदाबाद के सुनील कुमार एवं ब्रजेश कुमार को लोड वृद्धि से संबंधित स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया। ग्रामीण विकास विभाग की ओर से मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक वितरित किए गए. सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत मुख्यमंत्री निशक्तजन प्रोत्साहन अनुदान, वृद्धजन पेंशन एवं बिहार नि:शक्तजन पेंशन योजना के लाभार्थियों को स्वीकृति प्रदान की गई.
बिजली, आवास, पेंशन और आयुष्मान कार्ड का मिला लाभ
श्रम विभाग ने चार लाभार्थियों को दो लाख, एक-एक लाख तथा 50 हजार रुपये के चेक दिए, जबकि स्वास्थ्य विभाग द्वारा पात्र लोगों के बीच प्रधानमंत्री आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए. शिविर में थानाध्यक्ष मुरली मनोहर आजाद, अंचलाधिकारी रामायण कुमार, परिवहन विभाग के एमवीआई रजनीश कुमार, प्रधान लिपिक राजन कुमार, वरीय लिपिक सत्येंद्र प्रसाद, प्रोग्रामर निशांत कुमार, डाटा एंट्री ऑपरेटर सुमन कुमार, वीरेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे.
