बिहारशरीफ में बंद हाई मास्क लाइट बनी मुसीबत, पास में विधायक का घर फिर भी अंधेरे में रहने को मजबूर स्थानीय

Bihar Sharif News : विधायक के पैतृक आवास के पास महीनों से बंद हाई मास्क लाइट, अंधेरे में डूबा इलाका, लोगों ने उठाए सुरक्षा पर सवाल. नीचे पढ़िए पूरी खबर.

नालंदा से रामविलास की रिपोर्ट
Bihar Sharif News : स्थानीय विधायक के पैतृक आवास के समीप गांधी टोला तिराहे पर स्थापित हाई मास्क लाइट पिछले कई महीनों से बंद पड़ी है. इसके कारण गांधी टोला, दलित टोला और आसपास का इलाका शाम ढलते ही अंधेरे में डूब जाता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक नगर परिषद और संबंधित विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई है. मोहल्ले के नागरिकों का आरोप है कि बंद हाई मास्क लाइट के कारण क्षेत्र में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बढ़ने लगा है.

विधायक के पैतृक आवास के पास खराब हाई मास्क लाइट

रात के समय राहगीरों, महिलाओं और बुजुर्गों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है. लोगों का कहना है कि सुरक्षा की दृष्टि से यह लाइट काफी महत्वपूर्ण थी, लेकिन लंबे समय से खराब रहने के कारण इसका उद्देश्य ही समाप्त हो गया है. स्थानीय लोगों ने बताया कि जब गांधी टोला तिराहे पर हाई मास्क लाइट लगाई गई थी, तब पूरे इलाके में खुशी का माहौल था. लोगों को उम्मीद थी कि रात के समय बेहतर रोशनी मिलने से सुरक्षा और सुविधा दोनों बढ़ेंगी. लेकिन महीनों से लाइट बंद रहने और मरम्मत नहीं होने से लोगों में जनप्रतिनिधियों और नगर परिषद के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है.

लोगों ने दी आंदोलन की चेतावनी

लोगों का यह भी कहना है कि हाल ही में संपन्न मलमास मेले के दौरान भी इसे दुरुस्त नहीं कराया गया, जबकि उस समय बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आवागमन हुआ था. कोलकाता सैलून के संचालक रंजीत कुमार, पूर्व वार्ड पार्षद इंद्र मोहन सिंह निराला, वार्ड पार्षद डॉ. अनिल कुमार सहित अन्य स्थानीय नागरिकों ने अनुमंडल प्रशासन एवं नगर परिषद से अविलंब हाई मास्क लाइट की मरम्मत कर उसे चालू कराने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो लोगों को आंदोलन करने के लिए विवश होना पड़ेगा.

Also Read : स्कूलों में नामांकित हर छात्र का आधार कार्ड बनाना अनिवार्य, प्रशासन सख्त, सभी प्रखंडों में लगेंगे शिविर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: YUVRAJ RATAN

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >