नालंदा (बिहारशरीफ) से संतोष कुमार की रिपोर्ट
Bihar Sharif News : चिकसौरा थाना क्षेत्र के भवानी बिगहा गांव में सोमवार देर शाम आपसी विवाद को लेकर हुई गोलीबारी में एक युवक घायल हो गया. घायल के पैर में गोली लगने के बाद स्थानीय लोगों ने डायल 112 पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, हिलसा में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया. घायल की पहचान भवानी बिगहा गांव निवासी धुरी प्रसाद के 23 वर्षीय पुत्र लक्ष्मण यादव के रूप में हुई है.
घटनास्थल से दो खोखा बरामद, आरोपितों की तलाश में पुलिस की छापेमारी
घटना की सूचना मिलते ही चिकसौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. थानाध्यक्ष गौरव सिंधु ने बताया कि घटनास्थल से दो खोखा बरामद किए गए हैं. प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद का प्रतीत हो रहा है. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा आरोपितों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Also Read : पावापुरी फ्लाइओवर में दरार, ट्रैफिक वन-वे होने से बिहारशरीफ-गया जी-नवादा रूट पर लगा लंबा जाम
