बिहारशरीफ से कंचन कुमार की रिपोर्ट
Bihar Police Sipahi Exam News: बिहार पुलिस दूरसंचार (वितंतु) एवं तकनीकी अराजपत्रित संवर्ग में सिपाही (प्रचालक) भर्ती परीक्षा को पारदर्शी, स्वच्छ और कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए नालंदा जिला प्रशासन ने कमर कस ली है. रविवार यानी 28 जून को होने वाली इस बड़ी परीक्षा के मद्देनजर बिहारशरीफ अनुमंडल क्षेत्र के अंतर्गत बनाए गए सभी 23 परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के निर्देश जारी किए गए हैं. शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए अनुमंडल दंडाधिकारी (SDM) किसलय श्रीवास्तव ने सभी केंद्रों के 500 गज के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा (Section 163) लागू करने की घोषणा कर दी है.
सुबह 9 बजे से परीक्षा समाप्ति तक साइबर कैफे रहेंगे बंद
अनुमंडल कार्यालय और जिला प्रशासन से प्राप्त प्रामाणिक जानकारी के अनुसार, परीक्षा की गोपनीयता और गरिमा को बनाए रखने के लिए सुरक्षात्मक प्रतिबंधों का दायरा काफी कड़ा रखा गया है. परीक्षा के दिन यानी रविवार को सुबह 9 बजे से लेकर परीक्षा की समाप्ति तक सभी 23 केंद्रों के 500 गज के भीतर स्थित तमाम फोटोस्टेट दुकानें, साइबर कैफे और निजी कोचिंग संस्थान पूरी तरह बंद रहेंगे.
केंद्रों के आसपास लाउडस्पीकर या किसी भी प्रकार के अन्य ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा ताकि परीक्षार्थियों को किसी तरह की दिक्कत न हो. परीक्षार्थियों को केंद्र के अंदर सिर्फ आवश्यक लेखन सामग्री ले जाने की छूट होगी. मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स या किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री के साथ प्रवेश पर पूर्ण रोक रहेगी.
हथियार लेकर चलने और भीड़ लगाने पर होगी कानूनी कार्रवाई
अनुमंडल दंडाधिकारी किसलय श्रीवास्तव ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा को पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रत्येक केंद्र पर दंडाधिकारी (मजिस्ट्रेट), पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त संख्या में सशस्त्र पुलिस बल की मुस्तैदी सुनिश्चित की गई है. निषेधाज्ञा के आदेश के तहत परीक्षा केंद्रों के पास पांच या पांच से अधिक लोगों के एक साथ जमा होने, किसी भी प्रकार का घातक हथियार या लाठी-डंडा लेकर चलने और अनधिकृत रूप से आवाजाही करने पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा. इस प्रशासनिक आदेश का उल्लंघन करने वाले या कदाचार का प्रयास करने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त कानूनी और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी.
नालंदा जिले के इन 23 संस्थानों को बनाया गया है परीक्षा केंद्र
जिला प्रशासन द्वारा जारी की गई आधिकारिक सूची के अनुसार, जिन 23 केंद्रों पर सिपाही (प्रचालक) भर्ती परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है, उनके नाम इस प्रकार हैं.
सरस्वती पब्लिक स्कूल (लोहड़ी), केएसटी कॉलेज, राजकीय बालिका +2 उच्च विद्यालय सोहसराय, देवशरण महिला इवनिंग कॉलेज, सदरे आलम मेमोरियल सेकेंडरी स्कूल, सोगरा +2 उच्च विद्यालय, नेशनल उच्च विद्यालय शेखाना, पीसीपी इंटर कॉलेज, रोजमेरी लैंड स्कूल, एसएस बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, आरपीएस स्कूल, आवासीय Model मध्य विद्यालय भैंसासुर, राजकीय कन्या मध्य विद्यालय कमरूद्दीनगंज, कैरियर पब्लिक स्कूल, डेफोडिल पब्लिक स्कूल, पीएमएस कॉलेज, कैम्ब्रिज स्कूल, सनबीम सेंट्रल स्कूल, सोगरा कॉलेज, सरदार पटेल मेमोरियल कॉलेज, बिहार टाउन +2 उच्च विद्यालय, पीएम श्री आदर्श उच्च विद्यालय तथा जवाहर कन्या उच्च विद्यालय.
Also Read : ATM से नहीं निकला कैश तो हो जाएं सावधान! नालंदा में स्टील प्लेट गैंग के दो बदमाश रंगे हाथ गिरफ्तार
नालंदा में मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट: 50 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, बारिश की चेतावनी
