नालंदा के 3.47 लाख पेंशनधारियों को बड़ी राहत, डीबीटी से खातों में भेजी गई बढ़ी हुई पेंशन राशि

बिहार के लाखों सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के लिए खुशखबरी है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पेंशन राशि को ₹400 से बढ़ाकर ₹1100 प्रतिमाह कर दिया है. नालंदा जिले में 3.47 लाख पेंशनधारियों के खातों में डीबीटी के माध्यम से 49 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की गई है.

Bihar Sharif News : नालंदा जिले के लाखों सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के लिए शुक्रवार का दिन राहत भरा रहा. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार सरकार की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत बढ़ी हुई पेंशन राशि का डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खातों में अंतरण किया. इस अवसर पर बिहारशरीफ स्थित न्यू एनआईसी सभागार में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां मुख्यमंत्री के राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण टीवी, लैपटॉप और मोबाइल के माध्यम से किया गया. बड़ी संख्या में पेंशनधारियों ने कार्यक्रम में शामिल होकर राशि अंतरण का साक्षी बने.

400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये प्रतिमाह की गई पेंशन

कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि बिहार सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अंतर्गत मिलने वाली मासिक पेंशन राशि को 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये प्रतिमाह कर दिया है. जून 2026 की बढ़ी हुई पेंशन राशि तथा बकाया राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजी गई. सरकार ने इसे वृद्धजनों, दिव्यांगजनों, विधवाओं और अन्य जरूरतमंद नागरिकों को आर्थिक संबल एवं सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया.

मुख्यमंत्री बोले- अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना सरकार का लक्ष्य

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार सरकार 'न्याय के साथ विकास' की नीति पर कार्य कर रही है. सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है. उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं समाज के कमजोर वर्गों को आर्थिक सहायता देने के साथ-साथ उनके आत्मसम्मान और गरिमापूर्ण जीवन को भी सुनिश्चित करती हैं. उन्होंने विश्वास जताया कि पेंशन राशि में हुई वृद्धि से लाखों परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा.

नालंदा के 3.47 लाख लाभार्थियों के खातों में पहुंचे करीब 49 करोड़ रुपये

नालंदा जिले में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत कुल 3,47,049 पेंशनधारियों के बीच 48 करोड़ 99 लाख 76 हजार 200 रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से अंतरित की गई.

योजनावार लाभार्थियों और राशि का विवरण इस प्रकार है.

  • इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 73,568 लाभार्थियों को 16 करोड़ 18 लाख 49 हजार 600 रुपये.
  • मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के 1,97,963 लाभार्थियों को 22 करोड़ 70 लाख 62 हजार रुपये.
  • इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 11,457 लाभार्थियों को 2 करोड़ 52 लाख 5 हजार 400 रुपये.
  • लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 33,509 लाभार्थियों को 3 करोड़ 73 लाख 4 हजार 500 रुपये.
  • इंदिरा गांधी राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन योजना के 4,012 लाभार्थियों को 88 लाख 26 हजार 400 रुपये.
  • बिहार दिव्यांग पेंशन योजना के 26,540 लाभार्थियों को 2 करोड़ 97 लाख 28 हजार 300 रुपये.

अधिकारियों और पेंशनधारियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में जिलाधिकारी उदिता सिंह, प्रभारी उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे. बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष पेंशनधारियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया और मुख्यमंत्री के संबोधन को सुना.

बढ़ी हुई पेंशन से मिलेगी आर्थिक मजबूती

जिला प्रशासन ने बताया कि पेंशन राशि में वृद्धि से जिले के लाखों वृद्धजनों, विधवाओं, दिव्यांगजनों और अन्य पात्र लाभार्थियों को आर्थिक राहत मिलेगी. डीबीटी प्रणाली के माध्यम से राशि सीधे बैंक खातों में पहुंचने से पारदर्शिता बढ़ेगी और लाभार्थियों को समय पर सहायता उपलब्ध हो सकेगी.

Also Read : गया जी में घरेलू विवाद ने ली महिला की जान, हत्या के आरोप में पति गिरफ्तार



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kanchan kumar

कंचन कुमार वर्ष 2009 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उत्तराखंड से शुरुआत करने के बाद दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पटना, नवादा और बिहारशरीफ में विभिन्न मीडिया संस्थानों के साथ कार्य किया. पिछले 12 वर्षों से प्रभात खबर बिहारशरीफ कार्यालय में नालंदा जिला रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं. जिला प्रशासन, खोजी एवं विशेष रिपोर्ट, जमीनी पड़ताल, विकास, जनसरोकार के मुद्दों तथा लोकसभा और विधानसभा चुनावों के गहन विश्लेषण के लिए उनकी विशेष पहचान है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >