बिहार में जमीन का लगान जमा करना हुआ आसान, अब घर बैठे मोबाइल से कटवाएं रसीद, जानें 7 आसान स्टेप्स

बिहार सरकार ने भूमि लगान जमा करने की प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया है। अब आप घर बैठे मोबाइल या कंप्यूटर से आसानी से लगान भर सकते हैं और तुरंत डिजिटल रसीद प्राप्त कर सकते हैं। यह नई व्यवस्था समय की बचत, पारदर्शिता और सुविधा सुनिश्चित करती है।

Bihar Land Revenue Online : बिहार सरकार ने भूमि संबंधी सेवाओं को अधिक पारदर्शी और जनसुलभ बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है. राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने भूमि लगान जमा करने की व्यवस्था को पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया है. अब राज्य के सभी रैयत अपने मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से घर बैठे ही लगान जमा कर सकते हैं और डिजिटल रसीद भी प्राप्त कर सकते हैं.

सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से मिली मुक्ति

राजस्व विभाग ने स्पष्ट किया है कि भूमि लगान जमा करने के लिए अब सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी. पूरी प्रक्रिया आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पूरी की जा सकती है. इससे समय की बचत होगी, कार्य में पारदर्शिता आएगी और बिचौलियों की भूमिका भी समाप्त हो जाएगी.

सात आसान चरणों में जमा करें भूमि लगान

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा जारी प्रक्रिया के अनुसार सबसे पहले रैयत को बिहार भूमि पोर्टल पर जाकर "भू-लगान" विकल्प का चयन करना होगा. इसके बाद जिला, अंचल, हल्का, मौजा तथा अपनी जमाबंदी से संबंधित जानकारी भरनी होगी. रैयत अपनी भूमि का विवरण रैयत भाग-पृष्ठ, रैयत का नाम, खाता संख्या, खेसरा संख्या या जमाबंदी संख्या के आधार पर आसानी से खोज सकते हैं.

स्क्रीन पर दिखेगी बकाया लगान की जानकारी

पोर्टल पर जानकारी भरने के बाद "देखें" विकल्प पर क्लिक करते ही संबंधित भूमि का पूरा विवरण तथा बकाया भूमि लगान की राशि स्क्रीन पर दिखाई देगी. इसके बाद भुगतान प्रक्रिया शुरू करने के लिए रैयत को अपना नाम, मोबाइल नंबर और पूरा पता दर्ज करना होगा. अंत में "ऑनलाइन भुगतान करें" विकल्प पर क्लिक करना होगा.

डिजिटल भुगतान से तुरंत मिलेगी रसीद

राजस्व विभाग ने नागरिकों की सुविधा के लिए दो प्रकार की भुगतान व्यवस्था दी है. पहले विकल्प के तहत डिजिटल भुगतान किया जा सकता है. इसमें इंटरनेट बैंकिंग, एकीकृत भुगतान अंतरफलक (यूपीआई) तथा डेबिट या क्रेडिट कार्ड के माध्यम से पेमेंट की सुविधा है. भुगतान सफल होते ही भूमि लगान की रसीद तुरंत ऑनलाइन उपलब्ध हो जाएगी.

नकद भुगतान के लिए बैंक चालान की सुविधा

दूसरा विकल्प बैंक चालान के माध्यम से भुगतान का है. यदि कोई रैयत ऑनलाइन पेमेंट नहीं कर पाता है, तो वह पोर्टल से बैंक चालान तैयार कर सकता है. इस चालान के साथ पंजाब नेशनल बैंक (PNB) या भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की शाखा में नकद राशि जमा की जा सकती है. भुगतान की पुष्टि होने के बाद जमाबंदी के पृष्ठ से रसीद डाउनलोड या प्रिंट की जा सकती है.

बिचौलियों से सावधान रहें, रसीद सुरक्षित रखें

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने सभी भूमि स्वामियों से अपील की है कि वे भुगतान के लिए केवल आधिकारिक बिहार भूमि पोर्टल का ही उपयोग करें. किसी भी बिचौलिए अथवा अनधिकृत व्यक्ति के माध्यम से पैसा जमा करने से बचें. इसके साथ ही भुगतान के बाद प्राप्त डिजिटल रसीद को सुरक्षित रखें, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार के सत्यापन के समय इसका उपयोग किया जा सके.

पारदर्शी और सरल होगी पूरी व्यवस्था

सरकार का मानना है कि भूमि लगान की ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने से भूमि प्रशासन अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितकारी बनेगा. सरकारी कार्यालयों में भीड़ कम होगी, लोगों का समय और धन दोनों की बचत होगी तथा राज्य में डिजिटल शासन व्यवस्था को और अधिक मजबूती मिलेगी. अब कुछ ही मिनटों में घर बैठे भूमि लगान जमा कर रसीद प्राप्त करना पहले की तुलना में कहीं अधिक आसान और सुविधाजनक हो गया है.

Also Read : नालंदा के खोदागंज में अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, जांच में जुटी पुलिस


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kanchan kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >