Nalanda Road Accident : (अमर वर्मा) नालंदा जिले के रहुई थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में कोचिंग जा रहे 12वीं के छात्र की मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई. पुलिस ने भाग रहे पिकअप चालक को पकड़ लिया है.
तेज रफ्तार पिकअप ने मारी जोरदार टक्कर
घटना बिहटा-सरमेरा मुख्य मार्ग स्थित दिग्धीपर मोड़ के पास हुई. स्थानीय लोगों के अनुसार तेज रफ्तार पिकअप ने साइकिल सवार दो चचेरे भाइयों को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे.
मौके पर ही छात्र की मौत, दूसरा घायल
हादसे में फरीदा गांव निवासी मुन्ना पंडित के 16 वर्षीय पुत्र दीपक Kumar की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वहीं उसका चचेरा भाई सोनू गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल छात्र का इलाज अस्पताल में कराया जा रहा है.
कोचिंग जाने के दौरान हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि दोनों चचेरे भाई 12वीं कक्षा के छात्र थे और गुरुवार सुबह साइकिल से कोचिंग पढ़ने के लिए घर से निकले थे. इसी दौरान दिग्धीपर मोड़ के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया.
भाग रहे चालक को पुलिस ने दबोचा
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत रहुई और भागन पुलिस को सूचना दी. मौके से फरार हो रहे पिकअप चालक को पुलिस ने भागन बिगहा चौराहे के पास पकड़ लिया.
रहुई थानाध्यक्ष ललित विजय ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंच गई थी. आरोपी चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
