बरबीघा. नगर परिषद बरबीघा क्षेत्र में व्यापक स्तर पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया. यह अभियान थाना चौक से लेकर श्री कृष्ण सिंह चौक तक सड़क जाम की गंभीर समस्या को दूर करने के उद्देश्य से चलाया गया.अभियान के दौरान सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया तथा दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी गई कि दोबारा सड़क पर अतिक्रमण पाए जाने पर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी. इस दौरान नगर परिषद बरबीघा के कर्मियों के द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध को प्रभावी बनाने के लिए लगभग 15 दुकानों में छापेमारी भी की गई. जांच के दौरान 9 दुकानों से भारी मात्रा में प्रतिबंधित प्लास्टिक थैले, प्लास्टिक ग्लास व अन्य प्लास्टिक सामग्री जब्त की गई. इस मामले में संबंधित दुकानदारों से कुल 15 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया.अभियान के दौरान मिशन थाना अध्यक्ष आदित्य रंजन, बरबीघा थाना अध्यक्ष गौरव कुमार समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा. पुलिस की मौजूदगी में अतिक्रमणकारियों द्वारा सड़क पर लगाए गए अस्थायी ढांचे और ठेले हटवाए गए.गौरतलब है कि कुछ दिनो से अतिक्रमण के कारण बरबीघा बाजार में भीषण जाम लग रहा था.इस जाम में शेखपुरा के डीएम भी काफी देर तक फंसे रहे थे. इसके बाद प्रशासन ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए सख्त कार्रवाई का निर्णय लिया.बरबीघा थाना चौक क्षेत्र में अतिक्रमण की स्थिति सबसे ज्यादा विकराल बनी हुई है. यहां 40 फीट चौड़ी सड़क अतिक्रमण के कारण सिमटकर महज 4 फीट तक रह जाती है. सड़क के दोनों ओर फुटपाथी दुकानदारों का कब्जा रहता है. पहले दुकानदार सड़क किनारे दुकान लगाते हैं, फिर उसके आगे ठेला खड़ा कर पूरा रास्ता घेर लेते हैं, जिससे आम लोगों और वाहनों की आवाजाही बाधित होती है.नगर परिषद बरबीघा के कार्यपालक पदाधिकारी ने कहा कि शहर को जाममुक्त और स्वच्छ बनाए रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा.उन्होंने कहा, “अतिक्रमण और सिंगल यूज प्लास्टिक दोनों ही शहर के लिए गंभीर समस्या हैं. दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि सड़क पर अतिक्रमण न करें और प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद करें.नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे और कड़ी कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन की इस कार्रवाई से जहां आम लोगों ने राहत की उम्मीद जताई है, वहीं अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा हुआ है.
बरबीघा में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान
नगर परिषद बरबीघा क्षेत्र में व्यापक स्तर पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया. यह अभियान थाना चौक से लेकर श्री कृष्ण सिंह चौक तक सड़क जाम की गंभीर समस्या को दूर करने के उद्देश्य से चलाया गया.
